MERI RASOI : पंजाब सरकार ने राज्य के जरूरतमंद परिवारों के लिए चलाए जा रहे ‘मेरी रसोई’ राशन किट वितरण अभियान को और तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में चल रही इस योजना के तहत अब तक 33.86 लाख परिवारों को राशन किट वितरित किए जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य हर तीन महीने में 40.48 लाख पात्र परिवारों तक इस योजना का लाभ पहुंचाना है।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक के मार्गदर्शन में इस योजना को मिशन मोड में लागू किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद परिवारों को पोषणयुक्त खाद्य सामग्री समय पर मिल सके।
राशन किट में क्या-क्या मिलेगा?
प्रत्येक पात्र परिवार को हर तीन महीने में एक राशन किट दी जाएगी, जिसमें 2 किलोग्राम दाल, 2 किलोग्राम चीनी, 1 किलोग्राम नमक, 200 ग्राम हल्दी पाउडर, 1 लीटर सरसों का तेल शामिल हैं। यह राशन किट राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA), 2013 के तहत मिलने वाले गेहूं के अतिरिक्त दी जा रही है।
किस जिले में सबसे ज्यादा वितरण हुआ?
अब तक वितरित 33.86 लाख राशन किट में सबसे अधिक लाभार्थी लुधियाना में रहे, जहां 3,86,692 किट बांटी गईं। इसके बाद:
- अमृतसर – 2,66,112
- पटियाला – 2,37,320
- गुरदासपुर – 2,09,040
- जालंधर – 1,95,614
- बठिंडा – 1,94,449
इसके अलावा फाजिल्का, संगरूर, होशियारपुर, तरनतारन, श्री मुक्तसर साहिब, फिरोजपुर, मोगा, मानसा, कपूरथला, फतेहगढ़ साहिब, फरीदकोट, एसएएस नगर, पठानकोट, रूपनगर, बरनाला, मलेरकोटला और शहीद भगत सिंह नगर में भी बड़ी संख्या में राशन किट वितरित किए गए हैं।
ये भी पढ़ें- पंजाब सरकार का बड़ा फैसला, शिक्षा और बिजली विभाग के कर्मचारियों की मांगों पर होगी तेज कार्रवाई
योजना का उद्देश्य
सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य केवल अनाज उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि दाल, तेल और मसालों जैसी जरूरी खाद्य सामग्री देकर गरीब परिवारों के पोषण स्तर में सुधार करना भी है। वितरण प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि पारदर्शिता बनी रहे और हर पात्र परिवार तक समय पर राशन पहुंच सके।






