Electricity bills for gaushalas in Punjab waived: जनहित में एक बड़ा निर्णय लेते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सिंह ने पूरे राज्य के गौशालाओं का बिजली बिल माफ करने की मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री के इस निर्णय के साथ, 152 और गौशालाओं को मुफ्त बिजली का लाभ मिलेगा, जिससे पंजाब सरकार से मुफ्त बिजली प्राप्त करने वाली गौशालाओं की कुल संख्या 518 हो जाएगी।
बिजली आपूर्ति के लिए गौशालाओं से एक भी पैसा नहीं लिया जाएगा
बुधवार को एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “राज्य भर में बेघर पशुओं की समस्या से निपटने में गौशालाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वर्तमान में 366 गौशालाओं को मुफ्त बिजली मिल रही है और अब 152 और गौशालाओं को भी इस सुविधा के दायरे में लाया जाएगा। इन सभी गौशालाओं को पंजाब सरकार द्वारा मुफ्त बिजली दी जाएगी और बिजली आपूर्ति के लिए उनसे एक पैसा भी नहीं लिया जाएगा।”
ये भी पढ़ें- ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ के तहत हरियाणा में तीन दिन के भीतर 900 से अधिक कुख्यात अपराधी गिरफ्तार
गौ सेवा ही सबसे बड़ी पूजा है
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “गौशालाओं का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करना समय की मांग है ताकि गौ संपदा की सही देखभाल की जा सके। मेरे द्वार इन गौशालाओं के लिए हमेशा खुले हैं, जो सड़कों पर भटकते असहाय पशुओं की देखभाल करके मानवता की महान सेवा कर रही हैं। प्रबंध समितियां गौ माता की सेवा में अपना जीवन समर्पित करने के लिए प्रशंसा की पात्र हैं और गौ सेवा ही सबसे बड़ी पूजा है।” गौशाला प्रबंधन समितियों के प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “विभिन्न गौशालाएं मवेशियों की बहुत अच्छी देखभाल और रखरखाव कर रही हैं।”
मुख्यमंत्री ने दोहराया, “पंजाब सरकार समाज के हर वर्ग की जरूरतों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और जनहितैषी निर्णय लेने के लिए प्रतिबद्ध है। कुशल प्रबंधन और आवारा पशुओं की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए गौशालाओं का आधुनिकीकरण भी आवश्यक है। राज्य सरकार इस कार्य में हर संभव सहयोग और सहायता प्रदान करेगी।”






