BJP meeting begins at the CM’s residence in Haryana: सोमवार को हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सीएम आवास संत कबीर कुटीर पर बीजेपी की बैठक शुरू हो गई है। इस बैठक में प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा के विधायक, मंत्री, जिला अध्यक्ष और 2024 विधानसभा चुनाव में पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ चुके उम्मीदवार पहुंचे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं हरियाणा प्रभारी तरुण चुघ की मौजूदगी को भी बैठक में अहम माना जा रहा है।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विशेष चर्चा
इस बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विशेष चर्चा प्रस्तावित है। पार्टी संगठन की ओर से विधायकों और चुनाव हारे उम्मीदवारों को SIR की प्रक्रिया, मतदाताओं से संपर्क और बूथ स्तर तक संगठन की भूमिका को लेकर दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं। इसके अलावा तिरंगा यात्रा और गुरु रविदास जयंती को लेकर प्रदेश में चल रही कलश यात्रा की भी समीक्षा की गई है।
संगठनात्मक नेटवर्क को सक्रिय रखने की रणनीति पर भी चर्चा
बीजेपी इस अभियान के जरिए विधानसभा क्षेत्रों में अपने संगठनात्मक नेटवर्क को सक्रिय रखने की रणनीति पर भी चर्चा कर सकती है। विधायकों और विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे नेताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय कर मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर नजर रखने की जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना है।
ये भी पढ़ें- झज्जर की बेटियों का भारतीय हॉकी टीम में सलेक्शन, FIH पैरा हॉकी विश्व कप-2026 में भारत का करेंगी प्रतिनिधित्व
बैठक में पहुंचे ये नेता
बैठक के लिए प्रदेश के तमाम विधायक और नेता संत कबीर कुटीर पहुंचे। पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, खाद्य एवं आपूर्ति राज्यमंत्री राजेश नागर, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और खेल मंत्री गौरव गौतम बैठक में मौजूद रहे। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव एवं हरियाणा प्रभारी तरुण चुघ भी बैठक में पहुंचे। बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने भी बैठक में भाग लिया। इसके अलावा गुरुग्राम से विधायक मुकेश शर्मा, सोनीपत से विधायक निखिल मदान समेत बड़ी संख्या में भाजपा विधायक और विधानसभा चुनाव लड़ चुके पार्टी नेता बैठक में पहुंचे हैं।
सीधा संपर्क मजबूत करने पर जोर
बैठक का एक प्रमुख फोकस मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान को संगठन की जमीनी सक्रियता से जोड़ना माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और मतदाताओं तक सीधा संपर्क मजबूत करने पर जोर दे सकता है।






