
सोनीपत पहुंचे केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने अरावली के मुद्दे पर बयान देते हुए कहा है कि अरावली पर्वत श्रृंखला में खनन पूरी तरह से प्रतिबंधित है और अरावली पर्वत श्रृंखलाओं को किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। कांग्रेस पार्टी तो हर मुद्दे पर भाग खड़ी होती है। पहले SIR के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी ने देश की जनता को बरगलाने का प्रयास किया अब अरावली पर्वत श्रृंखलाओं को लेकर कांग्रेस पार्टी बेवजह मुद्दा बनाकर देश की जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। गौरतलब है कि इन दिनों पूरे देश में अरावली पर्वत श्रृंखलाओं को बचाने के लिए आंदोलन चलाए जा रहे हैं और विपक्षी दल केंद्र सरकार पर अरावली पर्वत श्रृंखलाओं को निजी हितों के लिए खत्म करने का आरोप लगा रहे हैं। लेकिन सरकार इसे सिरे से नकार रही है। वहीं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने बांग्लादेश में हो रहे हिंदुओं पर अत्याचार के मामलों को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बांग्लादेश में जो भी घटनाएं हुई है वह दर्दनाक है। इसको लेकर बांग्लादेश को पछताना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में पाकिस्तान जैसे हालात हो रहे हैं। लेकिन बांग्लादेश को पाकिस्तान के पद चिन्हों पर नहीं चलना चाहिए। सोनीपत के राई स्थित मोतीलाल नेहरू स्पोर्ट्स स्कूल के वार्षिक उत्सव में शिरकत करने के लिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल पहुंचे थे। मोतीलाल नेहरू स्पोर्ट्स स्कूल में 53वां वार्षिक उत्सव मनाया गया है।






