महेंद्रगढ़: महेंद्रगढ़ के एक मोहल्ले में बुधवार की रात एक 45 वर्षीय शख्स ने अपनी 70 वर्षीय मां की हत्या करने के बाद खुद कुएं में कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। गंभीर हालत में शख्स को कुएं से बाहर निकालकर पीजीआई रोहतक रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी का मौहाल बन गया एक बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत महिला की पहचान 70 वर्षीय ब्रह्मा देवी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने घर से संदिग्ध परिस्थितियों की सूचना पुलिस को दी। सूचना प्राप्त होते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो बुजुर्ग महिला का शव कंबल में लिपटा हुआ मिला। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला का पुत्र शराब के नशे का आदी था और घटना के समय भी वह नशे में था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक ने नशे की हालत में अपनी मां की हत्या की और बाद में पास के कुएं में कूद गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने युवक को कुएं से बाहर निकाला गया। उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।






