Punjab municipal elections: पंजाब के 105 नगर निकायों के लिए 26 मई (मंगलवार) को मतदान होगा। 29 मई को मतगणना के बाद चुनावी नतीजे घोषित कर दिए जायेंगे। रविवार को ही चुनावी प्रचार का शोर थम गया और अब तमाम रैलियों व सभाओं पर पाबंदी रहेगी। केवल उम्मीदवार घर-घर जाकर प्रचार करेंगे। आज पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी।
चुनाव के लिए 7555 उम्मीदवार मैदान में
पंजाब के आठ नगर निगमों, 76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों की सीटों के लिए यह चुनाव हो रहे हैं। चुनाव के लिए 7555 उम्मीदवार मैदान में हैं क्योंकि 79 उम्मीदवारों को निर्विरोध चुन लिया गया है। 2393 उम्मीदवारों ने अपना नाम चुनाव से वापस ले लिया था।
सबसे अधिक आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार
चुनावी मैदान में उतरने वाले उम्मीदवारों में सबसे अधिक संख्या सत्तापक्ष आम आदमी पार्टी (आप) की है। आम आदमी पार्टी के 1801 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के 1550, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 1316, शिरोमणि अकाली दल के 1251, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के 96, 1528 निर्दलीय और 13 अन्य उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। निकाय चुनाव सभी दलों के लिए अहम हैं, क्योंकि इसे 2027 में विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है।
अकाली दल ने मतदान का समय बढ़ाने की मांग की
शिरोमणि अकाली दल ने पंजाब चुनाव आयोग से मतदान का समय बढ़ाने की मांग की है। अकाली नेता डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि मतदान का समय सुबह 8 से 5 बजे की जगह सुबह 7 से शाम 6 बजे तक बढ़ाया जाना चाहिए। चीमा ने कहा कि प्रदेश में इस समय भीषण गर्मी का प्रकोप है जिसका असर मतदान प्रतिशत पर पड़ सकता है। अगर सुबह और शाम के चलते मतदान का समय 2 घंटे बढ़ा दिया जाए तो उससे मतदान प्रतिशत में वृद्धि होगी। मौजूदा समय मजदूरों के लिए भी उपयुक्त नहीं है क्योंकि वो काम के कारण अपने मताधिकार का उपयोग नहीं कर पाएंगे।






