चंडीगढ़: हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की सौगात को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया है। सीएम ने कहा कि यह पहल भारत को आधुनिक, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था की दिशा में आगे ले जाने वाला ऐतिहासिक कदम है।
सीएम सैनी ने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में भारतीय रेलवे लगातार आधुनिक तकनीकों को अपनाते हुए नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। हाइड्रोजन ट्रेन शुरू होने से प्रदूषण कम होगा और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने इसे “न्यू इंडिया” की सोच और विकसित भारत के विजन से जुड़ा बड़ा कदम बताया।
सीएम ने कहा कि हरियाणा को इस महत्वाकांक्षी परियोजना से जोड़ना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। इससे न केवल रेलवे क्षेत्र में तकनीकी विकास को गति मिलेगी, बल्कि रोजगार और औद्योगिक विकास के नए अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में इंफ्रास्ट्रक्चर और परिवहन क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। रेलवे के आधुनिकीकरण, वंदे भारत ट्रेनों और अब हाइड्रोजन ट्रेन जैसी परियोजनाएं भारत को दुनिया के अग्रणी देशों की कतार में खड़ा कर रही हैं।
सीएम सैनी ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में हरित ऊर्जा आधारित परिवहन व्यवस्था देश के विकास को नई दिशा देगी और पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाएगी।






