18 साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा ASI हत्याकांड का आरोपी

SHARE:

सिरसा : हरियाणा के सिरसा जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। हरियाणा पुलिस के सहायक उप-निरीक्षक (ASI) की हत्या के मामले में आरोपी और पैरोल पर रिहा होने के बाद फरार हुए पूर्व पुलिस कांस्टेबल को लगभग 18 साल बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही सिरसा जिले की सबसे लंबी तलाश में शामिल मामलों में से एक का अंत हो गया।

ऑपरेशन शिंकजा के तहत हुई आरोपी की गिरफ्तारी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखबिंदर सिंह उर्फ सुखा के रूप में हुई है। उसे पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले के गिद्दड़बाहा क्षेत्र से पकड़ा गया। यह कार्रवाई सिरसा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन शिकंजा” के तहत की गई, जो घोषित अपराधियों और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान है।

साथियों के साथ मिलकर मोटर ट्रांसपोर्ट ऑफिसर की हत्या की रची थी साजिश

पुलिस के अनुसार, यह मामला साल 2002 का है। उस समय सुखबिंदर सिंह हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात था। आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मोटर ट्रांसपोर्ट ऑफिसर के रूप में कार्यरत एएसआई सूबे सिंह की हत्या की साजिश रची थी।

जांच में सामने आया कि एएसआई सूबे सिंह की गोली मारकर हत्या की गई थी। हत्या के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से उनके शव को नहर में फेंक दिया गया था। मामले में सदर थाना में केस दर्ज किया गया था और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।

 

18 सालों तक पुलिस को देता रहा चमका 

 साल 2008 में सुखबिंदर सिंह पैरोल पर बाहर आया और फिर वापस जेल नहीं लौटा। इसके बाद वह करीब 18 साल तक फरार रहा और लगातार पुलिस को चकमा देता रहा। सिरसा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) दीपक सहारण ने बताया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी पहचान, हुलिया और ठिकाने बदलता रहा। सालों तक पुलिस को कई सुराग मिले, लेकिन वह हर बार बच निकलने में सफल रहा। इसके बावजूद पुलिस की टीमें उसकी तलाश में लगातार जुटी रहीं।

ये भी पढ़ें- हरियाणा में पानी की पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश, 31 किसान नेताओं पर केस दर्ज

मामले में बड़ी सफलता तब मिली जब सदर थाना प्रभारी और प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी शिवम यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम को नए खुफिया इनपुट प्राप्त हुए। तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी का पता लगाया गया और अंततः उसे पंजाब के गिद्दड़बाहा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। लगभग 18 सालों तक फरार रहने के बाद हुई यह गिरफ्तारी सिरसा पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

Join us on:

Leave a Comment