गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने एक युवक को अपने पांच महीने के बेटे को जहर देकर मारने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
लिव-इन रिलेशनशिप से जन्मे बच्चे के पैदा होने से खुश नहीं था पिता
पुलिस के अनुसार आरोपी अपने लिव-इन रिलेशनशिप से जन्मे बच्चे के पैदा होने से खुश नहीं था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय विक्रमजीत के रूप में हुई है, जो हरियाणा के हिसार जिले के बड़री गांव का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, 5 जनवरी 2025 को सूचना मिली थी कि एक पांच महीने के बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया है, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया।
ये भी पढ़ें- अब पुलिस स्टेशन के चक्कर नहीं, घर आकर होगा पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन; अंबाला रेंज में नई व्यवस्था लागू
बच्चे के जन्म के बाद अक्सर होने लगा विवाद
मोर्चरी में बच्चे की मां ने पुलिस को बताया कि वह साल 2023 से एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी और इसी संबंध से उनके बेटे का जन्म हुआ था। बच्चे के जन्म के बाद दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगे थे। महिला ने आरोप लगाया कि 4 जनवरी 2025 को उसका साथी बच्चे को अपने साथ ले गया था। कुछ समय बाद वह वापस लौटा और बताया कि बच्चे की तबीयत खराब है। इसके बाद बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जहरीला पदार्थ देकर बच्चे की कर दी हत्या
मां ने शिकायत में आशंका जताई कि उसके लिव-इन पार्टनर ने बच्चे को कोई जहरीला पदार्थ दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। महिला की शिकायत के आधार पर बिलासपुर थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने विस्तृत जांच के बाद सोमवार को गुरुग्राम से आरोपी विक्रमजीत को गिरफ्तार कर लिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने बच्चे को जहरीला पदार्थ दिया था, जिससे उसकी मौत हुई। फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
मुख्य बिंदु
- गुरुग्राम पुलिस ने 5 माह के बच्चे की हत्या के आरोप में पिता को गिरफ्तार किया।
- आरोपी और बच्चे की मां लिव-इन रिलेशनशिप में रहते थे।
- बच्चे के जन्म के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गए थे।
- मां के आरोप पर मामला दर्ज कर जांच शुरू हुई थी।
- पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बच्चे को जहर देने की बात कबूल की है।
- मामले की आगे की जांच जारी है






