हांसी में पूर्व सैनिक का शव मिलने से हड़कंप, करोड़ों के लेनदेन का विवाद आया सामने

SHARE:

हांसी: हरियाणा के हांसी शहर के विकास नगर में एक पूर्व सैनिक द्वारा आत्महत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 63 वर्षीय सुंदर पंघाल के रूप में हुई है। वह हिसार कैंट क्षेत्र के निवासी थे और मूल रूप से भागाना गांव के रहने वाले थे। घटना स्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें चार लोगों के नाम लिखे होने की बात सामने आई है।

सुसाइड नोट में चार लोगों के नाम शामिल

मृतक के बेटे और पेशे से अधिवक्ता मनजीत पंघाल ने आरोप लगाया कि उनके पिता के करीब 4 से 5 करोड़ रुपये कई लोगों के पास फंसे हुए थे। पैसे वापस नहीं मिलने और लंबे समय से चल रहे विवादों के कारण उनके पिता मानसिक तनाव में थे। परिवार का दावा है कि सुसाइड नोट में पूनम, उसके ससुर, होशियार सिंह, उसकी सास और एक ड्राइवर का नाम दर्ज है।

ये भी पढ़ें- नूंह में चोरी के वाहन के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

शव को कब्जे में लेकर जांच शुरु

जानकारी के अनुसार, सुंदर पंघाल शुक्रवार शाम घर से निकले थे, लेकिन रातभर उनसे संपर्क नहीं हो सका। शनिवार सुबह परिवार को सूचना मिली कि विकास नगर स्थित एक मकान में उनका शव मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। हांसी के थाना प्रभारी (SHO) बलवान सिंह ने बताया कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें चार व्यक्तियों के नाम लिखे गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। विशेष रूप से वित्तीय लेन-देन और आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों को खंगाला जा रहा है।

हर एंगल से मामले की जांच जारी

पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर और स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच जारी है और सुसाइड नोट की भी पड़ताल की जा रही है।

Join us on:

Leave a Comment