नूंह में चोरी के वाहन के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के निर्देशानुसार जिले में चलाए जा रहे विशेष वाहन चेकिंग अभियान एवं यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाही जारी है। इस अभियान के दौरान चोरी के वाहन तथा वाहन चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी में पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है।

आरोपी के पास चोरी की गई स्कूटी बरामद

इस संबंध में एक पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना नागीना पुलिस ने शुक्रवार 5 जून को वाहन चेकिंग के दौरान आरोपी हिमांशु पुत्र दान सिंह निवासी नागीना, वर्तमान निवासी सोहना को चोरी की स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास चोरी की गई स्कूटी को बरामद किया है। इस संबंध में नगीना थाना पुलिस ने केस दर्ज किया। जांच में सामने आया कि आरोपी हिमांशु विभिन्न चोरी एवं वाहन चोरी के मामलों में भी वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ गुरुग्राम जिले के विभिन्न थानों में दर्ज कई मामलों में पुलिस को उसकी तलाश थी। आरोपी के खिलाफ थाना न्यू कॉलोनी, भोंडसी, शहर सोहना तथा सदर गुरुग्राम में चोरी एवं अन्य आपराधिक धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज हैं।

ये भी पढ़ें- डॉक्टर ने फिर किया शर्मनाक कांड, इंजेक्शन लगाने के बहाने मरीज के साथ किया गंदा काम

मोटरसाइकिल के साथ आरोपी गिरफ्तार

इस अभियान के अंतर्गत पुलिस की अन्य टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान तौफीक पुत्र शेर मोहम्मद निवासी रूपड़ाका थाना उटावड़ को चोरी की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया। बरामद मोटरसाइकिल बिना नंबर प्लेट की थी। चेसिस एवं इंजन नंबर की जांच करने पर मोटरसाइकिल का वास्तविक नंबर पाया गया। जांच में सामने आया कि इस मोटरसाइकिल से चोरी के संबंध में एक एफआईआर नूंह शहर थाने में दर्ज है। आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

नूंह पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी दी कि जिले में अपराध नियंत्रण, चोरी के वाहनों की बरामदगी तथा यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष वाहन चेकिंग अभियान लगातार जारी है। आगे भी इसी प्रकार सघन अभियान चलाकर अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाती रहेगी।

Join us on:

Leave a Comment