“कॉकरोच को बच्चा भी चप्पल से कुचल देता है”, अनिल विज का विवादित बयान

SHARE:

चंडीगढ़: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर सोशल मीडिया पर की गई अपनी टिप्पणी का बचाव करते हुए कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को संघर्ष करने और अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन पार्टी का नाम बदल लेना चाहिए। मीडिया से बातचीत के दौरान अनिल विज ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी विचारधारा के लिए संघर्ष करने का अधिकार है, लेकिन “कॉकरोच” जैसा नाम उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कॉकरोच एक बेहद गंदा कीड़ा माना जाता है, जिसे देखकर छोटा बच्चा भी चप्पल से मार देता है।

दरअसल, विज ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा था, “कॉकरोच एक बहुत गंदे कीड़े का नाम है। उसे देखते ही छोटा बच्चा भी चप्पल से कुचल देता है। लोकतंत्र में संघर्ष करना सबका अधिकार है, लेकिन अपना नाम बदल लो।”

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा विधानसभा सत्र नहीं बुलाए जाने को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब विधानसभा सत्र आयोजित होते हैं तो कांग्रेस के सदस्य गंभीरता से भाग नहीं लेते और जब सरकार या मुख्यमंत्री जवाब देना शुरू करते हैं तो विपक्ष सदन से वॉकआउट कर देता है।

ये भी पढ़ें- कैथल में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार

विज ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र का मजाक बना रही है। उनके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और उनका मुख्य उद्देश्य केवल प्रचार हासिल करना है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को सिर्फ अखबारों में अपना नाम छपवाने की चिंता रहती है, चाहे खबर सकारात्मक हो या नकारात्मक।

दीपेंद्र हुड्डा की गिरफ्तारी के सवाल पर क्या बोले?

दीपेंद्र सिंह हुड्डा की गिरफ्तारी को लेकर पूछे गए सवाल पर अनिल विज ने कहा कि सरकार किसी को निशाना नहीं बना रही है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और लोगों के जान-माल की सुरक्षा करना संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है।

उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष के नेताओं के आचरण और कार्यशैली के कारण ही हरियाणा की जनता लगातार उनकी पार्टी को सत्ता में ला रही है। विज ने दावा किया कि जनता विपक्ष की राजनीति को समझ चुकी है और इसी वजह से भाजपा को लगातार समर्थन मिल रहा है।

 

Join us on:

Leave a Comment