गुरुग्राम: गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड हिस्से पर सड़क दुर्घटना के बाद एक महिला चालक से कथित मारपीट, अभद्रता और धमकी देने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है। चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
पीछे से आ रही एसयूवी ने मारी टक्कर
पुलिस के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, यह घटना शनिवार रात करीब 8:10 बजे राजीव चौक के पास हुई। एक महिला अपनी कार चला रही थी। सामने चल रही एक गाड़ी के अचानक रुकने पर टक्कर से बचने के लिए उसने अचानक ब्रेक लगा दिए। उसके पीछ से आ रही कार भी रुक गई लेकिन दिल्ली नंबर की एसयूवी ने पीछे से आकर गाड़ियों में टक्कर मार दी। इस एसयूवी में 6 युवक सवार थे। एसयूवी की टक्कर लगने से आपस में कई गाड़ियों की भिडंत हो गई।
ये भी पढ़ें- सीएम भगवंत मान का विपक्ष पर हमला, बोले जनता ने धोखे की राजनीति नकार दी
महिला की कार के शीशे तोड़े
आरोप है कि हादसे के बाद एसयूवी सवार युवकों ने महिला की कार के शीशे तोड़ दिए, उसके साथ दुर्व्यवहार किया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि सभी आरोपी नशे की हालत में थे। आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया। पीड़िता की शिकायत पर रविवार को गुरुग्राम सदर थाना में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है, जिनमें मारपीट, लापरवाही से गाड़ी चलाना, संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, आपराधिक धमकी, महिला पर हमला, यौन उत्पीड़न और महिला की मर्यादा का अपमान करने जैसी धाराएं शामिल हैं।
दो आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में एक 22 वर्षीय युवक हरियाणा के सोनीपत जिले के नाहरा गांव का निवासी है, जबकि दूसरा 29 वर्षीय आरोपी दिल्ली के बख्तावरपुर का रहने वाला है। दोनों को अदालत में पेश किया गया। गुरुग्राम पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी संदीप तुरान ने बताया कि छह आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।






