Rohtak Fire: बीते दिनों हरियाणा के रोहतक में हुए भीषण अग्निकांड के पीड़ितों के लिए सीएम नायब सिंह सैनी ने आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को रोहतक के डी-पार्क मार्केट का दौरा किया और 9 जून को लगी आग से प्रभावित दुकानदारों और परिजनों से मुलाकात की।
मौके पर पहुंचकर CM ने लिया हालात का जायजा
मुख्यमंत्री सैनी ने बाजार का निरीक्षण किया और जिन दुकानों में आग लगने से भारी नुकसान हुआ था, उनके व्यापारियों से बातचीत की। उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और आश्वासन दिया कि राज्य सरकार हर संभव मदद देगी।
मृतकों के परिवार को 10 लाख रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अग्निकांड में जान गंवाने वाले तीन लोगों के परिवारों को 10 लाख-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मृतकों की पहचान अमन, रोहित खुराना और कपिल के रूप में हुई है।
दुकानदारों और छोटे व्यापारियों के लिए राहत राशि
सरकार ने प्रभावित व्यापारियों के लिए भी आर्थिक सहायता की घोषणा की है जिनमें फुटवियर और जनरल स्टोर मालिकों को 5-5 लाख रुपये दो जूस की दुकानों को 2-2 लाख रुपये और एक फूड कियोस्क और दो ठेलों को 50-50 हजार रुपये दिए जायेंगे।
ये भी पढ़ें- मुकाम धाम यात्रा से लौटते वक्त भीषण दर्दनाक एक्सीडेंट, फतेहाबाद के एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
नुकसान का आकलन जारी
शहरी स्थानीय निकाय विभाग को नुकसान का विस्तृत आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर सरकार आगे अतिरिक्त सहायता पर निर्णय लेगी।
आग लगने का कारण
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण एसी में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग तेजी से फैल गई और कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रशासन और फायर ब्रिगेड की भूमिका-
सीएम ने फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने में लगभग 6 से 7 घंटे लगे और राहत कार्य लगातार जारी रहे।
सुरक्षा और सतर्कता बढ़ाने की जरूरत
सीएम सैनी ने कहा कि यह एक पुराना व्यावसायिक क्षेत्र है, इसलिए सुरक्षा और सतर्कता बढ़ाने की जरूरत है ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों। सरकार आवश्यक कदम उठाएगी।






