गुरुग्राम: गुरुग्राम के सेक्टर-92 स्थित एक किराए के मकान में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक 34 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की बेलन से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र 31 वर्ष थी और वह बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के चैनपुर की रहने वाली थी। वह पिछले दस वर्षों से अपने पति और छह नाबालिग बच्चों के साथ गुरुग्राम में रह रही थी।
देर रात हुआ विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना रविवार देर रात करीब 12:15 बजे से 1 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में था और रात का खाना देर से बनने को लेकर उसकी पत्नी से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने रसोई में मौजूद बेलन उठाया और पत्नी के सिर पर कई बार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद शव के पास ही सो गया आरोपी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने इतनी शराब पी रखी थी कि हत्या करने के बाद वह शव के पास ही सो गया। सोमवार सुबह उसने पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
भागने की कोशिश, पुलिस ने दबोचा
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। हालांकि, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी एक पुलिसकर्मी को चकमा देकर कुछ दूरी तक भाग निकला, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दोबारा पकड़ लिया।
ये भी पढ़ें- रोहतक अग्निकांड पीड़ितों के लिए आर्थिक मदद, CM सैनी ने किया मुआवजे का ऐलान
हत्या का मामला दर्ज
गुरुग्राम पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी संदीप तुरान ने बताया कि सेक्टर-10 थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले की जांच जारी है।






