हरियाणा में बागवानी सेक्टर को बढ़ावा, बादली में CM आज करेंगे बड़ा उद्घाटन

SHARE:

चंडीगढ़: हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी आज बादली विधानसभा क्षेत्र के मुनिमपुर गांव में बागवानी (हॉर्टिकल्चर) से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान वे “सीड एंड फ्लावर एक्सीलेंस सेंटर” (Seed and Flower Excellence Centre) का शुभारंभ भी करेंगे। यह केंद्र राज्य में बागवानी क्षेत्र को नई दिशा देने और किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री इस अवसर पर आम जनता से भी संवाद करेंगे।

प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपायुक्त वर्षा खंगवाल ने आज कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की समीक्षा की ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

सीएम के दौरे को देखते हुए झज्जर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था की है। पुलिस आयुक्त राजश्री सिंह ने स्वयं कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर एक डीसीपी, सात एसीपी और करीब 650 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा वीआईपी मूवमेंट, प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था और मंच की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

ये भी पढ़ें- पानीपत पुलिस की बड़ी सफलता: 11 घंटे में अपहृत 12 वर्षीय बच्चे को सुरक्षित बचाया

बागवानी क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा

इस सेंटर के शुरू होने से हरियाणा में बागवानी और फूल उत्पादन से जुड़े अनुसंधान और उत्पादन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। यह केंद्र किसानों को बेहतर बीज, तकनीक और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने में सहायक होगा। सरकार का उद्देश्य कृषि के साथ-साथ बागवानी क्षेत्र को भी आधुनिक और लाभकारी बनाना है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके। सीएम के इस दौरे को राज्य में कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़ी नीतियों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

Join us on:

Leave a Comment