हिसार: हरियाणा के हिसार में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता (CM Flying Squad) और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने एक गैस एजेंसी के कार्यालय और गोदाम पर छापेमारी कर बड़ी अनियमितता का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान एक अवैध गोदाम से कुल 881 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए। मामले में पुलिस को शिकायत देकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्रवाई हरियाणा लैंड रिक्लेमेशन एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन की गैस एजेंसी पर की गई। एजेंसी का कार्यालय एयरपोर्ट, जिला पुलिस लाइन और महिला थाना जैसे संवेदनशील सरकारी संस्थानों के नजदीक स्थित है। अधिकारियों का कहना है कि इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आग या विस्फोट की घटना सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती थी।
अवैध रूप से बनाया गया था गोदाम
जांच में पता चला कि एजेंसी का अधिकृत गोदाम किसी अन्य स्थान पर है, लेकिन संचालकों ने कार्यालय के साथ बने एक बड़े हॉल को बिना अनुमति सिलेंडर भंडारण केंद्र में बदल दिया था। छापेमारी के दौरान टीम को वहां से 14.2 किलोग्राम क्षमता वाले 619 खाली और 241 भरे घरेलू गैस सिलेंडर मिले। इसके अलावा 5 किलो वाले सिलेंडर 16 खाली सिलेंडर और 5 भरे कॉमर्शियल सिलेंडर भी बरामद किए गए।
ये भी पढ़ें- हरियाणा में बागवानी सेक्टर को बढ़ावा, बादली में CM आज करेंगे बड़ा उद्घाटन
सुरक्षा नियमों की अनदेखी
उड़नदस्ता की हिसार रेंज प्रभारी सुनीना और सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी श्रवण कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में पाया गया कि गैस एजेंसी ने सुरक्षा मानकों और भंडारण नियमों का पालन नहीं किया था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी गैस एजेंसियों को केवल लाइसेंस प्राप्त और स्वीकृत गोदामों में ही सिलेंडरों का भंडारण करना होता है तथा सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करना अनिवार्य है।
पुलिस जांच शुरू
उड़नदस्ता ने मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है और पुलिस को शिकायत सौंपकर एजेंसी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन अब यह जांच कर रहा है कि अवैध भंडारण कब से चल रहा था और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही है।






