चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने अनुसूचित जाति (SC), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और अल्पसंख्यक समुदाय के युवाओं के लिए बड़ी पहल की है। राज्य सरकार ने बैंकिंग और बीमा क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से Bank Probationary Officer (PO) और LIC/GIC Assistant Administrative Officer (AAO) परीक्षा-2026 के लिए निशुल्क कोचिंग कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। पंजाब की सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री डॉ बलजीत कौर ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कोचिंग, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और समान अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकें। मंत्री बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान सिंह के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि किसी भी योग्य युवा का भविष्य आर्थिक तंगी के कारण प्रभावित न हो। सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मोहाली में होगी कोचिंग
यह कोचिंग कार्यक्रम Ambedkar Institute of Careers and Courses, फेज-3बी2, एसएएस नगर (मोहाली) में संचालित किया जाएगा। इसके लिए वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं जो पंजाब के स्थायी निवासी हों, SC, OBC या अल्पसंख्यक वर्ग से संबंधित हों, स्नातक (Graduate) हों और परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपये से अधिक न हो।
ये भी पढ़ें- बादली को सीएम सैनी की बड़ी सौगात, 50 बेड अस्पताल समेत करोड़ों की विकास परियोजनाओं का ऐलान
चयन के लिए होगी परीक्षा
अभ्यर्थियों का चयन एक ऑब्जेक्टिव टेस्ट के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा में जनरल इंग्लिश, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड, रीजनिंग और करेंट अफेयर्स से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। यह परीक्षा 3 जुलाई 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक मोहाली स्थित अंबेडकर इंस्टीट्यूट में आयोजित होगी।
30 जून तक करें आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार 30 जून 2026 तक अपने आवेदन पत्र आवश्यक दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियों के साथ संस्थान के प्राचार्य कार्यालय में जमा कर सकते हैं। आवेदन ई-मेल के माध्यम से भी भेजे जा सकते हैं। सरकार ने पात्र युवाओं से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।






