सोनीपत में पुलिस मुठभेड़ में 25 मामलों का आरोपी बदमाश ढेर, हेड कांस्टेबल भी घायल

SHARE:

सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत जिले के गन्नौर क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी मारा गया। इस दौरान गोलीबारी में एक हेड कांस्टेबल भी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मारा गया बदमाश गोपाल उर्फ गोपी

पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में गोपाल उर्फ गोपी बदमाश मारा गया। बताया जा रहा है कि गोपाल सोनीपत जिले के अटायल गांव का रहने वाला था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, फायरिंग और लूट समेत करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज थे।

दो हत्या के मामलों में मिली थी उम्रकैद

गोपाल उर्फ गोपी को दो अलग-अलग हत्या के मामलों में दोषी ठहराया जा चुका था और उसे उम्रकैद की सजा मिली थी। वह पैरोल पर जेल से बाहर आया था, लेकिन पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद उसने आत्मसमर्पण नहीं किया और फरार चल रहा था।

ये भी पढ़ें- मावां धीयां सत्कार योजना: पंजाब की हर महिला के खाते में 1 जुलाई की शाम तक आयेंगे 3 हजार रुपये, CM भगवंत मान का बड़ा ऐलान

खूबरू गांव के पास हुई मुठभेड़

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को बदमाश की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद गन्नौर क्षेत्र के खूबरू गांव के पास पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में बदमाश मारा गया।

हेड कांस्टेबल को लगी गोली

मुठभेड़ के दौरान एक हेड कांस्टेबल गोली लगने से घायल हो गये हैं। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मौके से हथियार बरामद कर लिए हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मुठभेड़ से जुड़ी अन्य जानकारियां जांच पूरी होने के बाद साझा की जाएंगी।

 

Join us on:

Leave a Comment