फतेहगढ़ साहिब: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सिंह ने मांवां धीयां सत्कार योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को 1 जुलाई की शाम तक एकमुश्त तीन महीने की राशि देने का ऐलान किया है। इस योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति की माओं-बहनों को 4500 रुपये मिलेंगे, जबकि बाकी सभी श्रेणियों की महिलाओं को 3000 रुपये दिए जायेंगे।
महिलाओ के सम्मान, वित्तीय सुरक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण सुनिश्चित
फतेहगढ़ साहिब के चनार्थल कलां में आयोजित विशाल जनसभा के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया। ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि यह पहल महिलाओं के सम्मान, वित्तीय सुरक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण सुनिश्चित करने के लिए ‘आप’ सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाती है। उन्होंने कहा कि जब तक पंजाब में आम आदमी सरकार रहेगी तब तक बिना किसी झंझट के पंजाब की महिलाओं को यह सहायता राशि प्रदान होती रहेगी।
रंगला पंजाब का सपना होगा साकार
मुख्यमंत्री मान ने कहा, अगर लोगों का प्यार और समर्थन आम आदमी पार्टी को मिलता रहा तो उन्हें हराने वाला कोई नहीं होगा और जनता के सहयोग से रंगला पंजाब का सपना साकार किया जाएगा। अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि वह सिख धर्म और श्री अकाल तख्त साहिब का अत्यंत सम्मान करते हैं।
ये भी पढ़ें- हरियाणा में पहली बार AI आधारित पक्षी गणना शुरू, ड्रोन और कैमरों से होगी मॉनिटरिंग
किन महिलाओं को मिलेगा मांवां धीयां सत्कार योजना का लाभ
मुख्यमंत्री मान ने बताया कि 9 दिन बाद पहली जुलाई को 18 साल से अधिक उम्र की महिला लाभार्थियों के मोबाइल फोन पर उनके खातों में वित्तीय सहायता जमा होने के नोटिफिकेशन प्राप्त होंगे। जनरल श्रेणी से संबंधित महिलाओं को 1,000 प्रति माह, जबकि अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 हर माह मिलेंगे। यह पैसा बिना किसी मध्यस्थ के सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाएगा। जो महिलाएं पहले से ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन ले रही हैं, वे भी इस योजना के पात्र होंगी। पंजाब की लगभग 97 प्रतिशत महिलाओं को इस पहल का लाभ मिलने की उम्मीद है और पंजाब सरकार ने इसके लिए 9,300 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है।






