चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत पंजाब सरकार ने युवाओं के लिए बड़ा रोजगार फैसला लिया है। सरकार का उद्देश्य विभिन्न विभागों में लगातार रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
PSPCL में 2,437 ALM पदों पर होगी नियुक्ति
पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) में कार्यरत 2,437 अप्रेंटिस ट्रेनी को असिस्टेंट लाइनमैन (ALM) के रूप में समायोजित किया जाएगा।
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने की घोषणा
यह घोषणा वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने पंजाब भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की। उन्होंने बताया कि यह निर्णय ट्रेनी युवाओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करता है और सरकार की रोजगार बढ़ाने की नीति का हिस्सा है। उन्होंने जानकारी दी कि PSPCL के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने एडवोकेट जनरल की सलाह पर इस प्रस्ताव को मंजूरी दी है। ये सभी ट्रेनी वर्तमान में PSPCL और Punjab State Transmission Corporation Limited (PSTCL) में लाइनमैन ट्रेड की अप्रेंटिसशिप कर रहे हैं।
पंजाबी भाषा परीक्षा में एक बार की छूट
सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि ट्रेनी उम्मीदवारों के लिए पंजाबी भाषा की परीक्षा एक बार की छूट के साथ आयोजित की जाएगी। परीक्षा की तारीख PSPCL की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
ये भी पढ़ें- NEET परीक्षा से 1 घंटे पहले हिसार की छात्रा ने कीटनाशक पीकर कर ली आत्महत्या
अब तक बिजली विभाग में कुल 9,627 भर्तियां
वित्त मंत्री ने बताया कि अप्रैल 2022 से अब तक बिजली विभाग में कुल 9,627 भर्तियां की जा चुकी हैं, जिनमें 8,048 सीधी भर्ती और 1,579 अनुकंपा आधार पर शामिल हैं। इसके अलावा करीब 3,000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है, जो नवंबर 2026 तक पूरी होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री भगवंत मान सिंह ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देकर उन्हें सकारात्मक दिशा में जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है।






