बठिंडा: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शिरोमणि अकाली दल (SAD) द्वारा उनके खिलाफ प्रस्तावित ‘धर्म युद्ध मोर्चा’ को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे ‘धर्म युद्ध मोर्चा’ नहीं बल्कि ‘धर्म विरोधी मोर्चा’ करार देते हुए बादल परिवार पर धर्म का राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। बठिंडा के मंडी कलां गांव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी अकाली दल राजनीतिक रूप से कमजोर पड़ता है, वह धार्मिक मुद्दों की आड़ लेने लगता है। उन्होंने कहा कि जो लोग खुद धर्म के सिद्धांतों पर खरे नहीं उतरे, उन्हें धर्म के नाम पर आंदोलन करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
बादल परिवार ने धर्म का किया राजनीतिक इस्तेमाल: मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि बादल परिवार ने वर्षों तक धर्म को अपने राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि जनता अब इस राजनीति को समझ चुकी है और ऐसे हथकंडों से गुमराह नहीं होगी। मान ने कहा, “मैं ऐसे अभियानों से डरने वाला नहीं हूं। धर्म का सम्मान सभी करते हैं, लेकिन कुछ लोग धर्म को राजनीति का साधन बना चुके हैं।”
अकाल तख्त का सम्मान, लेकिन कुछ लोग कर रहे चयनात्मक काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि अकाल तख्त हर सिख के लिए सर्वोच्च आस्था और सम्मान का केंद्र है। हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि वहां कुछ पदों पर बैठे लोग चुनिंदा तरीके से फैसले लेते हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि धर्म को कुछ व्यक्तियों के प्रभाव से मुक्त कराया जाए और गुरुद्वारों को ‘मसंदों’ (स्वार्थी मध्यस्थों) से आजाद किया जाए।
ये भी पढ़ें- मानसून में कौशल्या डैम में होगा अधिक जल भंडारण, सीएम सैनी का बड़ा फैसला
SGPC चुनाव कराने की केंद्र से मांग
भगवंत मान ने केंद्र सरकार से शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के चुनाव जल्द कराने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि धार्मिक संस्थाओं में लोकतांत्रिक प्रक्रिया मजबूत होनी चाहिए और चुनाव समय पर होने चाहिए।
कांग्रेस में कई मुख्यमंत्री पद के दावेदार
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर लगातार खींचतान चल रही है और पार्टी में कई लोग मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। मान ने दावा किया कि कांग्रेस के पास न तो एकजुट नेतृत्व है और न ही भविष्य के लिए कोई स्पष्ट दिशा।
665 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र
इससे पहले बठिंडा में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) में चयनित 665 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है।






