Delhi-NCR to soon get Rs 7 thousand crore tunnel to connect Gurugram directly: दिल्ली और गुरुग्राम के बीच सफर करने वाले लाखों लोगों को जल्द ही ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिल सकती है। केंद्र सरकार 7,000 करोड़ रुपये की लागत वाली एक मेगा इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजना को मंजूरी देने की तैयारी में है। इस परियोजना के तहत वसंत कुंज से दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे और द्वारका एक्सप्रेसवे तक भूमिगत सुरंग और एलिवेटेड सड़कें बनाई जाएंगी। इस परियोजना को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप अप्रेजल कमेटी (PPPAC) से मंजूरी मिल चुकी है और अब इसे अंतिम स्वीकृति के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल के पास भेजा जाएगा। परियोजना का निर्माण National Highways Authority of India (NHAI) करेगा।
वसंत कुंज से शिव मूर्ति तक बनेगी 6 लेन सुरंग
परियोजना के तहत वसंत कुंज के नेल्सन मंडेला मार्ग से दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे के शिव मूर्ति इंटरचेंज तक 6 लेन की भूमिगत सुरंग बनाई जाएगी। इसका उद्देश्य महिपालपुर क्षेत्र में लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम को कम करना है, जहां रोजाना हजारों वाहन चालकों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है।
एलिवेटेड रोड और AIIMS कनेक्टिविटी भी होगी बेहतर
एक अलग 6 लेन एलिवेटेड रोड भी बनाई जाएगी, जो वसंत कुंज से शुरू होकर छतरपुर-महिपालपुर जंक्शन और वसंत कुंज के बी और सी ब्लॉक से गुजरते हुए एम्बिएंस मॉल के पास समाप्त होगी। इसके अलावा, AIIMS से नेल्सन मंडेला मार्ग तक एक समर्पित एलिवेटेड रोड का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे पूर्वी और मध्य दिल्ली से गुरुग्राम जाने वाले लोगों को सीधा और तेज रास्ता मिल सकेगा।
अतिरिक्त फ्लाईओवर और यू-टर्न की भी योजना
NHAI की योजना के तहत छतरपुर से महिपालपुर जाने वाले ट्रैफिक के लिए दो लेन का फ्लाईओवर और वसंत कुंज के पास एक एलिवेटेड यू-टर्न भी बनाया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, वर्ष 2053 तक इस कॉरिडोर से प्रतिदिन करीब 1.3 लाख वाहन गुजरने की संभावना है, जो इसकी बढ़ती जरूरत को दर्शाता है।
ये भी पढ़ें- पंजाब की मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना: गरीब परिवारों के लिए इलाज का सहारा, जानिए कौन उठा सकता है फायदा
पांच साल में पूरा होगा प्रोजेक्ट
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 13×6 मीटर आकार की विशाल टनल बोरिंग मशीन (TBM) का इस्तेमाल किया जाएगा। इस मशीन के निर्माण और आपूर्ति में ही करीब 18 महीने का समय लगेगा। इसके बाद सुरंग और अन्य निर्माण कार्यों को पूरा करने में लगभग साढ़े तीन साल लगेंगे। इस तरह पूरी परियोजना को पूरा होने में करीब पांच साल का समय लगने का अनुमान है। AIIMS से जुड़ा एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट भी मुख्य सुरंग के साथ ही चालू किया जाएगा।
महिपालपुर जाम से मिलेगी राहत
यह परियोजना दक्षिण दिल्ली और गुरुग्राम के बीच यात्रा को तेज, आसान और अधिक सुगम बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। खासकर महिपालपुर और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को लंबे ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।






