2 करोड़ की प्रॉपर्टी डील के बाद डबल मर्डर, गुरुग्राम-झज्जर रोड पर मिले दो शव

SHARE:

Gurugram-Jhajjar Double Murder: गुरुग्राम-झज्जर रोड पर मिले दो लोगों के अर्धनग्न शवों के मामले में जांच के दौरान कई अहम खुलासे हुए हैं। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि करीब 2 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी डील इस दोहरे हत्याकांड की वजह हो सकती है। पुलिस का मानना है कि दोनों की हत्या कहीं और की गई और बाद में शवों को ट्रक में लाकर झज्जर रोड किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया। आरोपियों की योजना शवों को जलाकर सबूत मिटाने की थी, लेकिन किसी के आने की भनक लगते ही वे मौके से फरार हो गए।

मृतकों की पहचान कामिल (50) और इरशाद (40) के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के जौला गांव के रहने वाले थे। परिवार के अनुसार, कामिल ने करीब दो महीने पहले 2 करोड़ रुपये में एक प्लॉट बेचा था। 4 जुलाई को वह अपने सहयोगी इरशाद के साथ काले रंग की स्कॉर्पियो से राजस्थान के नीमराना गया था। इसके बाद दोनों का कोई पता नहीं चला।

मौके से मिले अहम सुराग

सोमवार सुबह झज्जर-गुरुग्राम रोड पर सेहवाग इंटरनेशनल स्कूल के सामने झाड़ियों में दोनों के शव एक-दूसरे के ऊपर पड़े मिले। इरशाद के सिर पर गहरी चोट के निशान थे, जबकि कामिल के हाथ-पैरों पर गंभीर चोटें थीं। पुलिस को घटनास्थल से पेट्रोलियम पदार्थ से भरा नीला ड्रम, पाइप, लोहे की प्लेट, लोहे का स्पैनर और ट्रक की चाबी भी मिली है। इन्हीं सुरागों के आधार पर पुलिस मान रही है कि शव ट्रक में लाए गए थे और उन्हें जलाने की तैयारी की गई थी।

20 साल से साथ काम कर रहे थे दोनों

कामिल गुरुग्राम में पीजी (पेइंग गेस्ट) का संचालन करता था, जबकि इरशाद उसी पीजी में क्लर्क और मैनेजर के तौर पर काम करता था। इरशाद के भाई हकीकत ने बताया कि दोनों करीब 20 वर्षों से साथ काम कर रहे थे और उनका रिश्ता परिवार जैसा था। हाल ही में प्लॉट बेचने के बाद कामिल ने प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी शुरू किया था।

ये भी पढ़ें- CM नायब सैनी का बड़ा फैसला, 340.84 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मिली हरी झंडी

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

कामिल अपने पीछे तीन बेटे और तीन बेटियां छोड़ गया है, जबकि इरशाद के परिवार में तीन बेटियां हैं। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट से मौत का समय, हत्या का तरीका और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

झज्जर पुलिस वित्तीय लेन-देन, प्रॉपर्टी डील, पुरानी रंजिश और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। थाना प्रभारी परमजीत ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Join us on:

Leave a Comment