बेसहारा बुजुर्गों के लिए सुरक्षित आशियाना बनाएगी पंजाब सरकार, मोहाली में बनेगा वृद्धाश्रम

SHARE:

Punjab Senior Citizen Home: पंजाब सरकार ने राज्य के बुजुर्गों को सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर जीवन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से एसएएस नगर (मोहाली) में एक अत्याधुनिक वृद्धाश्रम (सीनियर सिटिजन होम) का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना के लिए गमाडा (GMADA) ने सेक्टर-78 में 2.92 एकड़ जमीन आवंटित की है। इसकी जानकारी सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने दी।

बुजुर्गों की देखभाल करना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी

डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार बुजुर्गों के कल्याण, सुरक्षा और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग समाज की सबसे बड़ी पूंजी और मार्गदर्शक होते हैं। ऐसे में जीवन के इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर उनकी देखभाल करना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल ईंट-पत्थर की इमारत नहीं बना रही है, बल्कि ऐसा सुरक्षित घर तैयार कर रही है, जहां बेसहारा और जरूरतमंद बुजुर्गों को सम्मान, सुरक्षा और परिवार जैसा अपनापन मिल सके। मुख्यमंत्री भगवंत मान का संकल्प है कि पंजाब का कोई भी बुजुर्ग अपने जीवन के अंतिम पड़ाव में अकेलेपन या बेबसी का सामना न करे। सरकार चाहती है कि हर बुजुर्ग के चेहरे पर मुस्कान हो और उन्हें हर संभव सहारा मिले। यह वृद्धाश्रम उनके लिए मजबूत सहारा और सुरक्षित आश्रय का केंद्र बनेगा।

ये भी पढ़ें- OTT से हटी ‘सतलुज’, अब पंजाब के गांव-गांव में बड़े पर्दे पर दिखाई जा रही फिल्म

निर्माण कार्य को जल्द शुरू करने के लिए पत्र जारी

परियोजना की प्रगति की जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि निर्माण कार्य को जल्द शुरू करने के लिए एस्टेट ऑफिसर (प्लॉट), गमाडा, पुड्डा भवन, मोहाली को पत्र जारी किया गया है। पत्र में संबंधित अधिकारियों से अनुरोध किया गया है कि नियमानुसार आवंटित जमीन का भौतिक कब्जा जल्द से जल्द जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी, मोहाली को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि निर्माण कार्य में किसी तरह की देरी न हो।

बुजुर्गों को सुरक्षित आवास, देखभाल और सम्मानजनक वातावरण मिलेगा

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना चाहती है। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह सीनियर सिटिजन होम बुजुर्गों को सुरक्षित आवास, देखभाल और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराएगा। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को किसी प्रकार की असुरक्षा या उपेक्षा का सामना न करना पड़े और वे गरिमा के साथ अपना जीवन व्यतीत कर सकें।

Join us on:

Leave a Comment