Haryana ACB Arrests Palwal Cop Over 2 Lakh Bribe: हरियाणा के विशेष सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने पलवल में तैनात एक एक्सटेंडेड सब-इंस्पेक्टर (ESI) को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी से कोर्ट में उसके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामले में विरोधी गवाही (Hostile Witness) देने के बदले रिश्वत मांगी थी। ACB के अनुसार आरोपी पालवल के चांदहट थाना क्षेत्र में इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (ERV) टीम का प्रभारी था। शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत फरीदाबाद स्थित ACB थाने में मामला दर्ज किया गया और ट्रैप लगाकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
हनी ट्रैप केस से जुड़ा है मामला
शिकायतकर्ता एक सेवानिवृत्त एक्सटेंडेड असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (EASI) हैं, जो पहले कैंप थाना, पलवल में तैनात थे। उनका नाम वर्ष 2023 के हनी ट्रैप मामले की जांच के दौरान सामने आया था। पहले वह इस मामले के शिकायतकर्ता थे, लेकिन बाद में अन्य आरोपियों के कबूलनामे के आधार पर उनकी भूमिका भी सामने आई और उन्हें गिरफ्तार किया गया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई और वे सेवानिवृत्त हो गए।
पहले मांगे 5 लाख, 2 लाख में हुआ सौदा
ACB के अधिकारियों के अनुसार आरोपी ESI ने रिटायर्ड पुलिसकर्मी से कोर्ट में उसके खिलाफ गवाही न देने और पक्ष बदलने के बदले 5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। कई महीनों तक बातचीत के बाद शुरुआती किस्त के रूप में 2 लाख रुपये देने पर सहमति बनी।
also read: हरियाणा में SIR अभियान तेज, अब तक 1.22 करोड़ से ज्यादा एन्यूमरेशन फॉर्म जमा
रिश्वत लेते ही ACB ने दबोचा
शिकायत मिलने के बाद ACB ने जाल बिछाया और आरोपी को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।






