Special Intensive Revision-SIR: हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) का कार्य तेजी से चल रहा है। इस अभियान के तहत अब तक राज्य के 1,99,18,634 (96.43%) मतदाताओं तक एन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं। इनमें से 1,22,08,806 (59.11%) भरे हुए फॉर्म बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा एकत्र कर ऑनलाइन अपलोड भी किए जा चुके हैं।
दो प्रतियों में दिया जा रहा है फॉर्म
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक मतदाता को एन्यूमरेशन फॉर्म की दो प्रतियां दी जा रही हैं। मतदाता को एक प्रति भरकर हस्ताक्षर के साथ अपने संबंधित BLO को जमा करनी है। दूसरी प्रति पर BLO से हस्ताक्षरित रसीद लेकर अपने पास सुरक्षित रखनी है, ताकि यह फॉर्म जमा करने का प्रमाण रहे।
21 जुलाई को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
निर्वाचन आयोग के अनुसार केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम 21 जुलाई को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे, जिनके हस्ताक्षरित एन्यूमरेशन फॉर्म BLO को निर्धारित समय के भीतर प्राप्त हो जाएंगे। जो मतदाता समय पर फॉर्म जमा नहीं करेंगे, उनका नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।
14 जुलाई तक करें फॉर्म जमा
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे फॉर्म सावधानीपूर्वक भरें, सही जानकारी दें और 14 जुलाई तक अपने BLO को जमा कर दें। फॉर्म जमा करने के बाद BLO से हस्ताक्षरित रसीद लेना भी न भूलें।
ये भी पढ़ें- हरियाणा में IKEA बढ़ाएगी निवेश, CM नायब सैनी से मुलाकात में नए प्रोजेक्ट्स पर बनी सहमति
ऑनलाइन भी जमा कर सकते हैं फॉर्म
मतदाता चाहें तो वोटर्स सर्विस पोर्टल के माध्यम से भी एन्यूमरेशन फॉर्म ऑनलाइन भरकर जमा कर सकते हैं। इसके लिए अंतिम तिथि 14 जुलाई निर्धारित की गई है।
राजनीतिक दलों से भी की गई अपील
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राज्य के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से भी आग्रह किया है कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करें और अधिक से अधिक लोगों से निर्धारित समय सीमा के भीतर एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाकर जमा करवाने में सहयोग करें।






