पंजाब में वोटर लिस्ट से नाम कटा तो इन 9 सरकारी योजनाओं का नहीं मिलेगा लाभ, महिलाओं के 1000 रुपये और 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज पर भी असर

SHARE:

Punjab Voter List Removal Ends 9 Benefits: पंजाब में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के दौरान आपका नाम वोटर लिस्ट से हट जाता है, तो इसका असर सिर्फ मतदान के अधिकार तक सीमित नहीं रहेगा। कई सरकारी योजनाओं का लाभ भी बंद हो सकता है। इनमें महिलाओं को हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता और 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज जैसी योजनाएं शामिल हैं।

दरअसल, आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने दो प्रमुख योजनाओं के लिए पंजाब का वोटर कार्ड अनिवार्य कर दिया है। वहीं सात अन्य योजनाओं में वोटर कार्ड को वैकल्पिक दस्तावेज के रूप में स्वीकार किया जाता है, लेकिन व्यवहारिक रूप से अधिकतर मामलों में इसकी मांग की जाती है।

एक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के अनुसार, SIR के दौरान ऐसे लोगों के नाम भी वोटर सूची से हटाए जा रहे हैं, जिन्होंने अपने गृह राज्य की मतदाता सूची में नाम दर्ज करा लिया है। ऐसे मामलों में पंजाब की वोटर लिस्ट से उनका नाम हटाया जा रहा है।

इन 2 योजनाओं में वोटर कार्ड अनिवार्य

मुख्यमंत्री मावां-धीआं सतिकार योजना

इस योजना के तहत पंजाब सरकार महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता देती है। सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपये और अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह दिए जाते हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि केवल वही महिलाएं इस योजना का लाभ लेंगी, जिनका नाम पंजाब की वोटर लिस्ट में दर्ज होगा। यदि वोटर सूची से नाम हट जाता है, तो यह सहायता भी बंद हो सकती है। इस योजना का लाभ राज्य की करीब 1 करोड़ महिलाओं को दिए जाने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना

इस योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है। इलाज सरकारी और पैनल में शामिल निजी अस्पतालों में कराया जा सकता है। इसमें गंभीर बीमारियों के ऑपरेशन, दवाइयां और जांच शामिल हैं। योजना का हेल्थ कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड के साथ पंजाब का वोटर कार्ड देना अनिवार्य है। 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के मामले में उनके माता-पिता का वोटर कार्ड देखा जाता है।

इन 7 योजनाओं में वोटर कार्ड महत्वपूर्ण दस्तावेज

हालांकि इन योजनाओं में वोटर कार्ड हर जगह अनिवार्य नहीं है, लेकिन पंजाब का स्थायी निवासी होने का प्रमाण देने के लिए इसे सबसे मजबूत दस्तावेज माना जाता है।

1. बुढ़ापा पेंशन योजना

65 वर्ष या उससे अधिक आयु के पुरुषों और 58 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह पेंशन दी जाती है। उम्र और स्थायी निवास के प्रमाण के लिए वोटर कार्ड या वोटर सूची को प्रमुख दस्तावेज माना जाता है।

2. विधवा एवं निराश्रित महिला पेंशन

विधवा और बेसहारा महिलाओं को 1,500 रुपये मासिक पेंशन देने वाली इस योजना में पहचान और पते के प्रमाण के रूप में वोटर कार्ड स्वीकार किया जाता है।

ये भी पढ़ें- पंजाब की महिलाओं के लिए अहम सूचना, वोटर लिस्ट में नाम नहीं तो नहीं मिलेगी आर्थिक सहायता

3. अनाथ एवं दिव्यांग बच्चों की पेंशन योजना

अनाथ या 50 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले बच्चों के अभिभावकों को अपनी पहचान प्रमाणित करने के लिए वोटर कार्ड देना पड़ सकता है।

4. स्मार्ट राशन कार्ड योजना

नया राशन कार्ड बनवाने या परिवार के किसी वयस्क सदस्य का नाम जोड़ने के लिए परिवार के मुखिया का वोटर कार्ड एड्रेस प्रूफ के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।

5. पंजाब आशीर्वाद योजना

आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य, पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जाति परिवारों की बेटियों के विवाह पर 51,000 रुपये की एकमुश्त सहायता दी जाती है। इसके लिए माता-पिता का पंजाब का मतदाता होना महत्वपूर्ण माना जाता है।

6. पंजाब लेबर कार्ड

पंजीकृत श्रमिकों को मिलने वाली छात्रवृत्ति, चिकित्सा सहायता और अन्य लाभों के लिए श्रम विभाग में पंजीकरण के दौरान वोटर कार्ड वैध पहचान पत्र के रूप में स्वीकार किया जाता है।

7. राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना

परिवार के कमाऊ सदस्य की मृत्यु होने पर मिलने वाली 20,000 रुपये की एकमुश्त सहायता के लिए पंजाब का निवासी होना जरूरी है, जिसे वोटर कार्ड के माध्यम से प्रमाणित किया जा सकता है।

SIR के दौरान क्या करें?

BLO से संपर्क करें

अपने मतदान केंद्र पर जाकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से मिलें। यदि वोटर कार्ड में कोई गलती है या नाम हटने की आशंका है, तो सुधार के लिए फॉर्म-8 और नया नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरें। आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बाद BLO मौके पर ही सत्यापन कर सकता है।

वोटर हेल्पलाइन ऐप का इस्तेमाल करें

अगर BLO के पास नहीं जा सकते हैं, तो Voter Helpline App डाउनलोड करें। मोबाइल नंबर से लॉगिन करने के बाद अपना वोटर आईडी नंबर दर्ज करें। यहां आप देख सकते हैं कि आपका नाम सक्रिय मतदाता सूची में है या नहीं। साथ ही नाम, पता और अन्य विवरण भी ऑनलाइन सत्यापित किए जा सकते हैं।

ऑनलाइन पोर्टल से भी करें सत्यापन

राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल (NVSP) पर जाकर भी अपनी प्रोफाइल जांची जा सकती है। यहां ‘Correction of Entries’ विकल्प के जरिए जानकारी अपडेट करने और आधार को वोटर आईडी से लिंक करने की सुविधा उपलब्ध है, जिससे SIR प्रक्रिया पूरी करने में मदद मिलती है।

Join us on:

Leave a Comment