हरियाणा में नशे के खिलाफ बड़ा अभियान, CM नायब सैनी ने लॉन्च किया ‘हरियाणा उदय’

SHARE:

Haryana Uday: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को राज्यव्यापी ‘हरियाणा उदय’ (Haryana Uday) एंटी-ड्रग अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने नशे की समस्या को केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं, बल्कि सामाजिक चुनौती बताते हुए कहा कि इसे खत्म करने के लिए सरकार के साथ-साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।

नशे की मांग को खत्म करने का काम समाज को करना होगा

पंचकूला में गैर-सरकारी संगठनों (NGO) और केमिस्ट एसोसिएशनों के साथ आयोजित राज्य स्तरीय संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नशे की सप्लाई पर कानून और पुलिस कार्रवाई के जरिए रोक लगा सकती है, लेकिन इसकी मांग को खत्म करने का काम समाज को करना होगा। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को नशामुक्त हरियाणा की शपथ भी दिलाई। मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक जिले और स्थानीय स्तर पर टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। इन टास्क फोर्स में उपमंडल अधिकारी (SDM), ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी (BDPO), ग्राम सरपंच और विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। ये टीमें गांवों और शहरों में जागरूकता अभियान चलाने के साथ स्थानीय स्तर पर निगरानी भी करेंगी।

नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नशे के खिलाफ दोहरी रणनीति पर काम कर रही है। एक ओर नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामाजिक जागरूकता और रोकथाम के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने कई नशा तस्करों की संपत्तियां जब्त की हैं और अवैध निर्माणों को भी ध्वस्त किया है। मुख्यमंत्री सैनी ने नशे के शिकार लोगों के पुनर्वास पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि नशे की लत से जूझ रहे लोगों को हमेशा के लिए समाज से अलग नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि उन्हें मुख्यधारा में लौटने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्यार, विश्वास और अपनापन किसी भी व्यक्ति का जीवन बदल सकता है, इसलिए पुनर्वास को भी उतनी ही प्राथमिकता दी जानी चाहिए जितनी कानून लागू करने को दी जाती है।

ये भी पढ़ें- लाडो लक्ष्मी से लेकर पेंशन तक हरियाणा सरकार ने 19 योजनाओं के तहत जारी किए 1582 करोड़ रुपए

युवाओं को नशे से बचाना विकसित हरियाणा और विकसित भारत के निर्माण के लिए बेहद जरूरी 

उन्होंने अभिभावकों से भी अपने बच्चों के साथ अधिक समय बिताने और परिवार में संवाद बढ़ाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को मोबाइल फोन से ज्यादा अपने परिवार का समय, भरोसा और मार्गदर्शन चाहिए। मुख्यमंत्री सैनी ने स्वयंसेवी संस्थाओं से इस अभियान को गांव-गांव, वार्ड-वार्ड और हर मोहल्ले तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि हरियाणा के युवाओं ने खेल, शिक्षा, विज्ञान और उद्यमिता के क्षेत्र में देश का नाम रोशन किया है। ऐसे में उन्हें नशे से बचाना विकसित हरियाणा और विकसित भारत के निर्माण के लिए बेहद जरूरी है।

 

Join us on:

Leave a Comment