Mukhyamantri Manvan Dhiyan Satkar Yojna: पंजाब सरकार ने ‘मुख्यमंत्री मांवां-धियां सत्कार योजना’ (Mukhyamantri Manvan Dhiyan Satkar Yojna) के तहत अब तक करीब 33 लाख महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 1,147 करोड़ रुपये की राशि भेज दी है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को उनकी श्रेणी के अनुसार तीन महीने की किस्तों का भुगतान किया गया है।
महिलाओं को तीन किस्तों में कुल 4,500 रुपये दिए गए
सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से तीन किस्तों में कुल 4,500 रुपये दिए गए हैं। वहीं अन्य सभी पात्र महिलाओं को 1,000 रुपये प्रतिमाह के अनुसार तीन किस्तों में कुल 3,000 रुपये की सहायता राशि उनके बैंक खातों में भेजी गई है।
66 लाख से अधिक महिलाओं को हो चुका है रजिस्ट्रेशन
यह भुगतान उन लाभार्थियों को किया गया है, जिनका पंजीकरण 25 जून 2026 तक पूरा हो चुका था। सरकार ने बताया कि पूरे पंजाब में योजना के लिए पंजीकरण लगातार जारी है और अब तक 66 लाख से अधिक महिलाएं अपना रजिस्ट्रेशन करा चुकी हैं। जो महिलाएं अब आवेदन कर रही हैं, उन्हें अगली किस्त से लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पहली किस्त का सफल भुगतान इस बात का प्रमाण है कि सरकार हर पात्र महिला तक आर्थिक सहायता पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के अपने वादे पर कायम है। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा और सम्मान देना है तथा यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे।
ये भी पढ़ें- हरियाणा में नशे के खिलाफ बड़ा अभियान, CM नायब सैनी ने लॉन्च किया ‘हरियाणा उदय’
जो महिलाएं पहले से पेंशन प्राप्त कर रही हैं उन्हें भी मिलेगा ये लाभ
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना का लाभ लेने से महिलाओं की अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। जो महिलाएं पहले से विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन या वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त कर रही हैं, उन्हें ये सभी लाभ पहले की तरह मिलते रहेंगे। यह योजना उनके लिए अतिरिक्त आर्थिक सुरक्षा का काम करेगी। सरकार के अनुसार, पहली किस्त मिलने के बाद कई महिलाओं ने इसे अपनी जिंदगी का अहम और सम्मानजनक पल बताया। गुरदासपुर जिले की कुलदीप कौर ने कहा कि पहली बार उनके अपने बैंक खाते में सीधे पैसे आए हैं, जिससे उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता का एहसास हुआ। वहीं हरमीत कौर ने बताया कि वह इस राशि से अपने लिए कपड़े खरीदेंगी और कुछ पैसे घर के खर्च में लगाएंगी।
कठिन समय में बड़ा सहारा बनेगी ये राशि
संगरूर जिले की एक विधवा महिला ने कहा कि यह आर्थिक सहायता कठिन समय में उनके लिए बड़ा सहारा बनेगी। वहीं गुरदासपुर की एक दिहाड़ी मजदूर महिला ने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्र की मदद से उन्होंने आवेदन किया था और अब यह राशि उनके परिवार के लिए बड़ी राहत साबित होगी। पंजाब सरकार का कहना है कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने में सहयोग देना है।






