पंजाब को मिली 1,279 नई सरकारी बसों की सौगात, अब हर बस में होंगे CCTV, GPS और UPI टिकटिंग

SHARE:

Punjab Government adds 1,279 new government buses: पंजाब सरकार ने राज्य की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। वित्त एवं परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने घोषणा की कि राज्य में 1,279 नई सरकारी बसें शामिल की जाएंगी। इसके साथ ही पंजाब का सरकारी बस बेड़ा 2,267 से बढ़कर 3,546 बसों का हो जाएगा। सरकार का दावा है कि यह पिछले दो दशकों में सबसे बड़ा विस्तार है और इसके बाद पंजाब सार्वजनिक परिवहन के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।

पंजाब भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि सरकार ने 696 साधारण बसों की खरीद का ऑर्डर पहले ही जारी कर दिया है। इनमें से 387 बसें PUNBUS और 309 बसें PEPSU रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (PRTC) के बेड़े में शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि इनमें से करीब 300 बसें नवंबर 2026 तक सड़कों पर उतर जाएंगी, जबकि शेष बसों को दिसंबर 2026 तक चरणबद्ध तरीके से शामिल किया जाएगा।

100 मिडी बसें भी होंगी शामिल

परिवहन मंत्री ने बताया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए 100 मिडी बसें पहले ही PRTC के लिए खरीदी जा चुकी हैं। ये बसें सितंबर 2026 तक सेवा में आ जाएंगी। इसके बाद सरकार की ओर से सीधे खरीदी गई बसों की संख्या बढ़कर 796 हो जाएगी।

जरूरत वाले रूटों पर चलेंगी बसें

सरकार बसों की तैनाती वैज्ञानिक तरीके से करेगी। इसके लिए पूरे राज्य में सैटेलाइट आधारित ट्रैवल पैटर्न सर्वे कराया जाएगा, जिससे यह पता लगाया जा सके कि किन रूटों पर बसों की सबसे ज्यादा जरूरत है। इसके आधार पर नई बसों का संचालन किया जाएगा ताकि लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।

ये भी पढ़ें- हरियाणा में शराब की हर बोतल पर होगा QR कोड, CM नायब सैनी ने लॉन्च की नई ‘Track and Trace’ प्रणाली

नई तकनीक से लैस होंगी बसें

नई सरकारी बसों में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए डैशकैम, इनडोर CCTV कैमरे, एडवांस GPS ट्रैकिंग सिस्टम और UPI QR कोड आधारित इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग सिस्टम लगाया जाएगा। इससे यात्रियों को डिजिटल भुगतान की सुविधा मिलेगी और बसों की रियल-टाइम निगरानी भी संभव होगी।

महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष जोर

हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि वर्तमान में सरकारी बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों में करीब 54 फीसदी महिलाएं हैं। ऐसे में सभी नई बसों में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे महिलाओं को अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद यात्रा का अनुभव मिलेगा। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार का लक्ष्य सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक, सुरक्षित और सभी वर्गों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाना है।

 

Join us on:

Leave a Comment