Development project worth Rs 60 lakh completed in Punjab: पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार की ओर से 60 लाख रुपये की लागत से तैयार ऐतिहासिक घराट (पानी से चलने वाली चक्कियां) के जीर्णोद्धार और एक आधुनिक पार्क का उद्घाटन किया। यह परियोजना सुलार गांव में पूरी की गई है, जिसका उद्देश्य ऐतिहासिक धरोहर का संरक्षण और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
ऐतिहासिक घराटों को मिला नया जीवन
उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत में हरपाल चीमा ने कहा कि सुलार के ये घराट लंबे समय से जर्जर हालत में थे। उन्होंने कहा कि संभवतः पूरे पंजाब में यह ऐसे गिने-चुने ऐतिहासिक घराट हैं, जिन्हें संरक्षित किए जाने की सबसे अधिक जरूरत थी।
पार्क और कर्मचारियों के लिए नए भवन भी बने
उन्होंने बताया कि 60 लाख रुपये की परियोजना के तहत सिर्फ घराटों का ही नवीनीकरण नहीं किया गया, बल्कि पूरे परिसर का सौंदर्यीकरण भी किया गया है। स्थानीय लोगों और बच्चों के लिए एक आधुनिक पार्क तैयार किया गया है। इसके अलावा नहर विभाग के कर्मचारियों के बैठने और काम करने के लिए नए कमरे भी बनाए गए हैं।
नहर को किया गया पक्का
वित्त मंत्री ने कहा कि भविष्य में नहर टूटने जैसी समस्याओं से बचने और जल प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए नहर को कंक्रीट से पक्का किया गया है। इस परियोजना के रखरखाव की जिम्मेदारी स्थानीय सरपंच और ग्राम पंचायत को सौंपी गई है, जो नहर विभाग के सहयोग से इसकी देखरेख करेंगे।
ये भी पढ़ें- अब इन परिवारों को नहीं मिलेगा मुफ्त राशन, पंजाब सरकार ने जारी किए नए नियम
‘किसानों को मिल रहा 10% ज्यादा नहर का पानी’
हरपाल चीमा ने दावा किया कि पंजाब के इतिहास में पहली बार किसानों को राज्य के हिस्से से 10 प्रतिशत अधिक नहर का पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे खेतों की सिंचाई बेहतर हो रही है और भूजल संरक्षण में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि गांवों से किसानों की सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं और नहर के पानी के बढ़ते उपयोग से पंजाब में भूजल स्तर को बचाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान का जताया आभार
हरपाल चीमा ने इस परियोजना के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार पंजाब की जमीन और पानी को बचाने के लिए लगातार काम कर रही है। उनका कहना था कि ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के साथ-साथ सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।






