Punjab Free Ration Scheme New Rules: पंजाब सरकार ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत संचालित मुफ्त राशन योजना के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। सरकार का कहना है कि इस फैसले का उद्देश्य योजना का लाभ केवल आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाना है। नए नियम लागू होने के बाद कई ऐसे परिवार योजना से बाहर हो जाएंगे, जिन्हें अब तक मुफ्त राशन मिल रहा था।
किन लोगों को नहीं मिलेगा मुफ्त राशन?
नई पात्रता के अनुसार, जिन परिवारों के पास नीचे दिए गए संसाधन या आर्थिक स्थिति है, वे अब मुफ्त राशन योजना के लिए पात्र नहीं होंगे-
- 2.5 एकड़ से अधिक कृषि भूमि के मालिक
- निजी वाहन रखने वाले परिवार
- घर में एयर कंडीशनर (AC) होने पर
- आयकर (Income Tax) देने वाले
- GST में पंजीकृत करदाता
- प्रोफेशनल या सर्विस टैक्स देने वाले
- पंजीकृत उद्योग या व्यवसाय के मालिक या संचालक
सरकार का कहना है कि इन मानकों के आधार पर आर्थिक रूप से सक्षम लोगों को योजना से बाहर किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता मिल सके।
10.28 लाख लाभार्थियों के नाम कट सकते हैं
नए नियम लागू होने के बाद करीब 10.28 लाख लाभार्थियों के राशन कार्ड योजना से हटाए जाने की संभावना है। सरकार का मानना है कि इससे अपात्र लोगों को मिलने वाला लाभ रुकेगा और सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा।
ये भी पढ़ें- हरियाणा को नॉलेज इकोनॉमी हब बनाएगी सरकार, सीएम सैनी ने हिसार से किया बड़ा ऐलान
सरकार ने बताई फैसले की वजह
पंजाब सरकार के अनुसार, इस बदलाव से राशन वितरण प्रणाली अधिक पारदर्शी होगी, योजना के दुरुपयोग पर रोक लगेगी, सरकारी संसाधनों का सही उपयोग होगा और वास्तव में जरूरतमंद परिवारों तक मुफ्त राशन पहुंचेगा। सरकार ने स्पष्ट किया कि योजना का उद्देश्य लाभार्थियों की संख्या घटाना नहीं, बल्कि सही पात्र लोगों तक सरकारी सहायता पहुंचाना है।
पहले भी उठ चुका है राशन कार्ड का मुद्दा
इससे पहले केंद्र सरकार ने पंजाब में करीब 8 लाख राशन कार्ड रद्द करने का सुझाव दिया था। केंद्र का तर्क था कि कई लाभार्थी पात्रता की शर्तें पूरी नहीं करते। उस समय मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि इससे गरीब परिवारों के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।
खाद्य सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत
सरकार का मानना है कि नए नियम लागू होने से खाद्य सुरक्षा प्रणाली अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनेगी। आर्थिक रूप से सक्षम लोगों को योजना से बाहर कर सरकार जरूरतमंद परिवारों तक मुफ्त राशन का लाभ बेहतर तरीके से पहुंचाने की कोशिश कर रही है।






