Two arrested with heroin worth crores in Amritsar: पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस, अमृतसर ने सीमा पार से संचालित हो रहे अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 30 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 200 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी एक विदेशी हैंडलर के निर्देश पर काम कर रहे थे, जो सीमा पार सक्रिय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। आरोपियों का काम अलग-अलग स्थानों से हेरोइन की खेप उठाकर पंजाब के विभिन्न इलाकों में अन्य तस्करों तक पहुंचाना था। इस तरह वे पूरे ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की अहम कड़ी थे।
ये भी पढ़ें- नशे के खिलाफ पंजाब सरकार की बड़ी कार्रवाई! 500 दिन में 73,300 तस्कर गिरफ्तार
इस मामले में अमृतसर स्थित स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क के आगे और पीछे के सभी लिंक की गहन जांच कर रही है, ताकि इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सके। पंजाब पुलिस का कहना है कि राज्य में नशा तस्करी को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। सीमा पार से होने वाली तस्करी पर कड़ी नजर रखी जा रही है और ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।





