नशे के खिलाफ पंजाब सरकार की बड़ी कार्रवाई! 500 दिन में 73,300 तस्कर गिरफ्तार

SHARE:

War on Drugs: पंजाब सरकार ने राज्य को नशामुक्त बनाने के अभियान ‘वार ऑन ड्रग्स’ (War on Drugs) के 500 दिन पूरे होने पर इसकी उपलब्धियां साझा कीं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में चलाया जा रहा यह अभियान अब जन आंदोलन बन चुका है और सख्त कानूनी कार्रवाई, इलाज, पुनर्वास और जागरूकता के जरिए सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं।

500 दिनों में क्या-क्या हुआ?

स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, 1 मार्च 2025 से शुरू हुए अभियान के तहत अब तक 52,432 एफआईआर NDPS एक्ट के तहत दर्ज की गईं। 73,300 से अधिक ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 621 बड़े ड्रग नेटवर्क चलाने वाले तस्कर भी शामिल हैं। ड्रग तस्करों की ₹847 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई। नशे के पैसे से बनाई गई अवैध इमारतों पर भी कार्रवाई की गई।

हेल्पलाइन से मिली बड़ी मदद

सरकार के मुताबिक, सेफ पंजाब हेल्पलाइन (97791-00200) पर पिछले 500 दिनों में 46,342 शिकायतें मिलीं। इन सूचनाओं के आधार पर 22,960 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

हेरोइन बरामदगी का दावा

डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि भगवंत मान सरकार ने चार साल में 6,608 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। उन्होंने दावा किया कि यह आंकड़ा पिछली अकाली और कांग्रेस सरकारों के संयुक्त 15 वर्षों में बरामद 5,229 किलोग्राम हेरोइन से भी अधिक है।

ये भी पढ़ें- 17 जुलाई को पंजाब को मिलेगा 4 हाईटेक रेलवे स्टेशनों का तोहफा, PM मोदी करेंगे उद्घाटन

इलाज और पुनर्वास पर भी फोकस

सरकार ने बताया कि नशा छोड़ने वालों के लिए राज्यभर में 213 नशा मुक्ति उपचार केंद्र, 90 पुनर्वास केंद्र और 547 OOAT क्लीनिक संचालित किए जा रहे हैं। सरकारी केंद्रों में इलाज पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक 10 लाख से अधिक लोगों का OOAT कार्यक्रम में पंजीकरण हुआ है, जबकि 38 हजार से ज्यादा मरीजों का सरकारी केंद्रों में इलाज किया जा चुका है।

जेलों में भी शुरू हुई इलाज की सुविधा

सरकार के अनुसार, राज्य की 19 जेलों में OOAT सुविधा शुरू की गई है, जबकि 10 केंद्रीय जेलों में विशेष नशामुक्ति और वेलनेस क्लीनिक स्थापित किए गए हैं।

गांव-गांव तक पहुंचा अभियान

मंत्री ने बताया कि राज्य में 12 हजार से अधिक ग्राम सुरक्षा समितियां बनाई गई हैं, जिनमें 1.25 लाख से ज्यादा सदस्य शामिल हैं। ये समितियां जागरूकता फैलाने और नशा तस्करी की सूचना देने में प्रशासन की मदद कर रही हैं।

केंद्र सरकार से की यह मांग

डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि पंजाब पाकिस्तान सीमा से लगा राज्य है, इसलिए ड्रोन के जरिए होने वाली नशे की तस्करी रोकने के लिए केंद्र सरकार को सीमा पर निगरानी और आधुनिक तकनीक को और मजबूत करना चाहिए। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट्स के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की। मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार का लक्ष्य सिर्फ नशा तस्करों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें स्वस्थ और सम्मानजनक जीवन देना है।

Join us on:

Leave a Comment

Market Mystique
और पढ़ें