चंडीगढ़ में हड़कंप! PM मोदी के कार्यक्रम से पहले सचिवालय को मिली बम की धमकी

SHARE:

Bomb Threat before PM Modi Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चंडीगढ़ दौरे से पहले पंजाब एवं हरियाणा सिविल सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गईं। कंट्रोल रूम को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद सचिवालय परिसर को तुरंत खाली कराया गया और बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड तथा पुलिस की टीमों ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।

सचिवालय खाली कराया गया

धमकी मिलने के बाद सचिवालय के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। आसपास के पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। हालांकि, अब तक किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

ईमेल में दिलजीत दोसांझ की फिल्म का जिक्र

धमकी भरे ईमेल में दावा किया गया कि दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ पर प्रतिबंध लगाए जाने का बदला लिया जाएगा। ईमेल में शहीद जसवंत सिंह खालड़ा की मौत का भी जिक्र करते हुए सचिवालय को उड़ाने की धमकी दी गई।

ये भी पढ़ें- 45 साल बाद खुली चंडीगढ़ की ‘सीक्रेट रोड’, PM मोदी के काफिले के लिए इस्तेमाल हुआ हाई-सिक्योरिटी रूट

साइबर टीम कर रही जांच

पुलिस की साइबर और तकनीकी टीमें ईमेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान और उसकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी हैं। धमकी के स्रोत का पता लगाने के लिए डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

एक दिन पहले भी मिली थी बम की धमकी

इससे पहले गुरुवार को भी चंडीगढ़ पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम स्थल पर बम होने की झूठी सूचना दी गई थी। पुलिस ने तकनीकी जांच के बाद 37 वर्षीय अविनाश को गिरफ्तार किया, जो सेक्टर-24 का निवासी है। जांच में सामने आया कि उसने नशे की हालत में यह फर्जी कॉल की थी। आरोपी के खिलाफ सेक्टर-3 थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।

रोहतक नगर निगम को भी मिली धमकी

इसी बीच हरियाणा के रोहतक नगर निगम भवन को भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना है। दोनों मामलों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और संवेदनशील सरकारी भवनों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Join us on:

Leave a Comment