मानसून को लेकर पंजाब सरकार अलर्ट, बाढ़ और डेंगू से निपटने के पुख्ता इंतजाम

SHARE:

Chandigarh: पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा है कि मानसून के दौरान लोगों को बाढ़ की चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है और सभी जरूरी बाढ़-रोधी इंतजाम पहले ही पूरे कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू और बरसाती बीमारियों से बचाव के लिए व्यापक तैयारियां की हैं और इलाज की व्यवस्था भी मजबूत की गई है। पटियाला में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि घग्गर समेत सभी प्रमुख नदियों और नालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ड्रेनेज विभाग और जिला प्रशासन ने तटबंध मजबूत करने, नदियों की सफाई और जल निकासी क्षमता बढ़ाने का काम पहले ही पूरा कर लिया है।

104 हेल्पलाइन और 85 जरूरी दवाओं का इंतजाम

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए 104 हेल्पलाइन जारी की गई है। स्वास्थ्य विभाग, ड्रेनेज, जलापूर्ति, स्थानीय निकाय, पंचायत, शिक्षा विभाग, आईएमए, केमिस्ट एसोसिएशन और अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है। बाढ़ के दौरान फैलने वाली बीमारियों के इलाज के लिए 85 जरूरी दवाओं की सूची तैयार कर सभी सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध करा दी गई है।

डेंगू से निपटने के लिए बड़े इंतजाम

डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि राज्यभर के सरकारी अस्पतालों में 1,200 बेड डेंगू मरीजों के लिए आरक्षित किए गए हैं। डेंगू टेस्टिंग की क्षमता में 10 गुना बढ़ोतरी की गई है और अकेले आम आदमी क्लीनिकों में 30 हजार से अधिक टेस्ट किए जा चुके हैं। हर शुक्रवार ‘डेंगू पर वार’ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत डेंगू मरीजों को मुफ्त इलाज के साथ 12 हजार रुपये कीमत की सिंगल डोज प्लेटलेट किट भी मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही है।

ये भी पढ़ें- चंडीगढ़ में हड़कंप! PM मोदी के कार्यक्रम से पहले सचिवालय को मिली बम की धमकी

53 लाख घरों की जांच

स्वास्थ्य विभाग ने 2,300 संयुक्त टीमों का गठन किया है। इनमें 1,500 ब्रीडिंग चेकर, 38,122 प्रशिक्षित नर्सिंग छात्र और 20,515 आशा वर्कर शामिल हैं। इन टीमों ने अब तक 53 लाख घरों की जांच की है और 11 हजार से अधिक घरों में डेंगू का लार्वा नष्ट किया है। पूरे अभियान की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है।

केंद्र से लंबित फंड जारी करने की मांग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे पर  पूछे गए सवाल के जवाब में डॉ. बलबीर सिंह ने केंद्र सरकार से पंजाब के साथ भेदभाव बंद करने की अपील की। उन्होंने पिछले साल की बाढ़ राहत राशि, ग्रामीण विकास फंड और स्वास्थ्य मंत्रालय के लंबित फंड जल्द जारी करने की मांग की। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री ने पटियाला में जिला प्रशासन, ड्रेनेज, सिंचाई, जलापूर्ति, पशुपालन और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़ से बचाव की तैयारियों की समीक्षा की। जिला प्रशासन ने बताया कि बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय है और जल्द ही शिकायतों के लिए एक विशेष व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया जाएगा।

Join us on:

Leave a Comment