PM Modi to gift projects worth ₹23,000 crore to Haryana, Punjab, and Chandigarh: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे तीनों राज्यों को 23,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं में सड़क, रेलवे, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।
हरियाणा में पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी
पीएम मोदी अपने दौरे की शुरुआत हरियाणा के जींद से करेंगे। यहां वे भारत की पहली हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।
इन प्रमुख परियोजनाओं की देंगे सौगात:
- कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय का शिलान्यास।
- हांसी-बरवाला राष्ट्रीय राजमार्ग का उद्घाटन।
- दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के हरियाणा हिस्से का उद्घाटन।
- भिवानी में पंडित नेकी राम शर्मा सरकारी मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन।
- नारनौल में महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज और राव तुलाराम अस्पताल का उद्घाटन।
चंडीगढ़ में 4,736 करोड़ रुपये की परियोजनाएं
हरियाणा के बाद प्रधानमंत्री दोपहर करीब 1:15 बजे चंडीगढ़ पहुंचेंगे। यहां पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC) में 4,736 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान लगभग 45 मिनट तक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रशासन के अनुसार, एक ही मंच से करीब 10 परियोजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल के आसपास दो किलोमीटर का क्षेत्र हाई सिक्योरिटी जोन घोषित किया गया है और केवल पासधारकों को ही प्रवेश मिलेगा।
जालंधर में रेलवे को मिलेगी बड़ी सौगात
इसके बाद पीएम मोदी हेलीकॉप्टर से जालंधर पहुंचेंगे। यहां वे पुनर्विकसित जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे, जिसे रेलवे के आधुनिकीकरण कार्यक्रम के तहत विकसित किया गया है। इसके अलावा प्रधानमंत्री अमृतसर-वाराणसी संत रविदास एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। देशभर के 75 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। रेलवे और सड़क से जुड़ी 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
ये भी पढ़ें- ‘संकल्प से सिद्धि’ की मिसाल बनी हाइड्रोजन ट्रेन, सीएम सैनी बोले- विकसित भारत की नई उड़ान
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। करीब 10,000 से अधिक पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। चंडीगढ़ और जालंधर को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है। कार्यक्रम स्थलों पर स्नाइपर, मल्टी-लेयर सुरक्षा जांच और विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम स्थल पर बैग, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, खाने-पीने का सामान, पानी की बोतल, छाता, धारदार वस्तुएं, बैनर, झंडे और काले रंग की विरोध सामग्री ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
राजनीतिक नजरिए से भी अहम दौरा
प्रधानमंत्री का यह दौरा विकास परियोजनाओं के साथ-साथ राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले हो रहे इस दौरे पर सभी राजनीतिक दलों की नजर रहेगी। हालांकि, रिपोर्टों के अनुसार पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना नहीं है।






