CM Nayab Saini in Punjab: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को पंजाब के नकोदर स्थित डेरा अलमस्त बापू लाल बादशाह जी के दरबार में माथा टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिस तरह हरियाणा तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है, उसी तरह उनकी इच्छा है कि पंजाब भी विकास की दौड़ में पीछे न रहे और एक बार फिर देश का नंबर-1 राज्य बने। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह बाबा लाल बादशाह जी से प्रार्थना करते हैं कि पंजाब पहले की तरह हर क्षेत्र में अग्रणी बने और पहले से भी अधिक तेजी से तरक्की करे।
गरीबों की सेवा का संदेश देता है यह दरबार
नायब सैनी ने कहा कि बापू लाल बादशाह जी का पूरा जीवन गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि डेरा आज भी लोगों को मानव सेवा, भाईचारे और जरूरतमंदों की मदद करने की प्रेरणा देता है। यही संदेश समाज को आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा आधार है।
also read: ‘पंजाब के लोगों का भरोसा मेरी सबसे बड़ी ताकत’, नकोदर में बोले मुख्यमंत्री भगवंत मान
‘पंजाब के लोग मुझे अपना भाई समझें’
मुख्यमंत्री ने पंजाब के लोगों के प्रति अपना स्नेह व्यक्त करते हुए कहा कि यदि पंजाब के किसी व्यक्ति या हरियाणा में रहने वाले उनके रिश्तेदार को किसी सरकारी काम में परेशानी आती है तो वे बिना किसी संकोच के उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा, “मैं आपका भाई हूं। आपके काम को कराने में कोई कसर नहीं छोड़ूंगा।”
पंजाबी में भाषण सुनकर गूंज उठीं तालियां
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपना पूरा संबोधन सरल और शुद्ध पंजाबी भाषा में दिया। उनके भाषण को सुनकर पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। मंच संचालक ने भी उनकी पंजाबी की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें सुनकर ऐसा नहीं लगा कि वे हरियाणा के मुख्यमंत्री हैं, बल्कि ऐसा महसूस हुआ जैसे वे पंजाब के मुख्यमंत्री हों।
शॉल और स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित
डेरा प्रबंधक समिति की ओर से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल और पूर्व मंत्री असीम गोयल को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर साईं हंस दरवेश, पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू, जिला अध्यक्ष जगबीर बराड़, पूर्व जिला अध्यक्ष मनीष धीर, शेफी चावला, दविंदर कालेर, अजय बजाज, आदित्य भटारा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






