Free bus travel for women in Punjab: पंजाब सरकार ने महिलाओं के कल्याण और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 298 करोड़ रुपये मुफ्त बस यात्रा योजना पर खर्च किए हैं। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके लिए समान अवसर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कई जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है।
हर महीने 1.20 करोड़ मुफ्त बस यात्राएं
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि पंजाब में हर महीने करीब 1.20 करोड़ मुफ्त बस यात्राओं का लाभ महिलाएं उठा रही हैं। यह आंकड़ा इस योजना की व्यापक लोकप्रियता और सफलता को दर्शाता है।
महिलाओं का आर्थिक बोझ हुआ कम
मंत्री ने कहा कि इस योजना से महिलाओं पर यात्रा का आर्थिक बोझ काफी कम हुआ है। नौकरी, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी कामों के लिए यात्रा करने वाली लाखों महिलाओं के लिए यह योजना बड़ी राहत साबित हो रही है।
ये भी पढ़ें- ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान को मिली नई ताकत, पंजाब में शुरू हुई मेथाडोन मेंटेनेंस थेरेपी
रोजगार और शिक्षा तक पहुंच हुई आसान
उन्होंने कहा कि सस्ती और सुलभ यात्रा सुविधा मिलने से महिलाएं अब अधिक आत्मविश्वास के साथ घर से बाहर निकल रही हैं। इससे उन्हें रोजगार के नए अवसर तलाशने, शिक्षा हासिल करने और राज्य के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का अवसर मिल रहा है।
सरकारी बसों में मिल रही मुफ्त यात्रा की सुविधा
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि यह सुविधा राज्य सरकार द्वारा संचालित बसों में उपलब्ध है। इससे महिलाओं को सुरक्षित, भरोसेमंद और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध हो रहा है। यह पहल महिलाओं की आवाजाही बढ़ाने, आत्मनिर्भरता और आर्थिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
‘रंगला पंजाब’ के विजन पर काम कर रही सरकार
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का लक्ष्य ऐसा ‘रंगला पंजाब’ बनाना है, जहां हर महिला सुरक्षित यात्रा कर सके, सम्मान के साथ जीवन जी सके और अपनी पूरी क्षमता के साथ आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आगे भी महिलाओं को सशक्त बनाने और विकास का लाभ हर घर तक पहुंचाने के लिए जनहित की नई योजनाएं लागू करती रहेगी।






