‘गैंग्स्टरां ते वार’ अभियान के 6 महीने पूरे, पंजाब में 50,930 अपराधी गिरफ्तार

SHARE:

Gangstran Te Vaar: पंजाब पुलिस के ‘गैंग्स्टरां ते वार’ (Gangstran Te Vaar) अभियान के छह महीने पूरे हो गए हैं। इस दौरान राज्यभर में 96,964 छापेमारी कर 50,930 गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है। अभियान की शुरुआत 20 जनवरी 2026 को पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने राज्य को गैंगस्टर मुक्त बनाने के उद्देश्य से की थी।

96 हजार से ज्यादा छापेमारी, हजारों गिरफ्तार

अभियान के तहत जिला पुलिस और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) की संयुक्त टीमें गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों से जुड़े चिन्हित ठिकानों पर लगातार कार्रवाई कर रही हैं। छह महीनों में 96,964 स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसमें 50,930 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

913 हथियार और 15 हैंड ग्रेनेड बरामद

स्पेशल डीजीपी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रवीण सिन्हा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 913 हथियार, 2,475 जिंदा कारतूस, 293 मैगजीन, 229 धारदार हथियार और 15 हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए हैं।

23,527 लोगों पर की गई निवारक कार्रवाई

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 23,527 लोगों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की गई, जबकि पूछताछ के बाद 18,367 लोगों का सत्यापन कर उन्हें छोड़ दिया गया। इसके अलावा 1,386 घोषित अपराधियों (Proclaimed Offenders) को भी गिरफ्तार किया गया है।

181वें दिन 590 जगहों पर छापेमारी

अभियान के 181वें दिन पुलिस ने 590 स्थानों पर छापेमारी कर 414 लोगों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 231 लोगों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की गई और 10 घोषित अपराधियों को भी पकड़ा गया।

ये भी पढ़ें- पंजाब में महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा पर 298 करोड़ रुपये खर्च, हर महीने 1.20 करोड़ सफर

जारी रहेगा अभियान

स्पेशल डीजीपी प्रवीण सिन्हा ने कहा कि ‘गैंग्स्टरां ते वार’ (Gangstran Te Vaar) अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों से जुड़ी जानकारी एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर गुप्त रूप से साझा कर सकते हैं।

नशा तस्करों पर भी लगातार कार्रवाई

इस बीच पंजाब पुलिस का ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान भी लगातार जारी है। अभियान के 506वें दिन पुलिस ने 87 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 673 ग्राम हेरोइन, 1,200 नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा 9,170 रुपये की ड्रग मनी बरामद की। इसके साथ ही 506 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 73,988 पहुंच गई है। वहीं, पुलिस ने सोमवार को 18 लोगों को नशा मुक्ति और पुनर्वास केंद्रों में इलाज कराने के लिए भी प्रेरित किया।

 

Join us on:

Leave a Comment