CM Nayab Singh Saini announces rural skill centers new IT hubs:हरियाणा सरकार ने रोजगार, स्वरोजगार और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा विजन @2047 के तहत कई नई पहलों की घोषणा की है। इसके तहत राज्य के 100 ग्रामीण क्लस्टरों में विशेष स्किल सेंटर स्थापित किए जाएंगे, ताकि स्थानीय उद्योगों की जरूरत के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकें। मुख्यमंत्री ने MSME, उद्योग विभाग और स्टार्टअप हरियाणा के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को हर जिले में स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने और युवाओं व महिला उद्यमियों को अधिक से अधिक प्रोत्साहन देने के निर्देश दिए।
स्थानीय उद्योगों के अनुसार मिलेगा प्रशिक्षण
सरकार 100 ऐसे ग्रामीण क्लस्टरों की पहचान करेगी, जहां स्थानीय उद्योगों की सबसे अधिक संभावनाएं हैं। इन क्लस्टरों में स्थानीय जरूरतों के अनुसार स्किल सेंटर विकसित किए जाएंगे। उदाहरण के तौर पर हिसार में बीड (मोती) निर्माण, पानीपत में हैंडलूम उद्योग, करनाल में कृषि उपकरण और डेयरी, यमुनानगर में मिट्टी के बर्तन (पॉटरी) उद्योग इन क्षेत्रों से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
ये भी पढ़ें- पंजाब में निर्वाचन अधिकारियों को मिला सम्मान, SIR-2026 का पहला चरण समय से पहले पूरा
ITI में शुरू होंगे नए कोर्स
सरकार प्रधानमंत्री सेतु (PM SETU) योजना के तहत औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में उद्योगों की जरूरत के मुताबिक नए कोर्स शुरू करेगी। इसके अलावा कम से कम 25 ITI को निजी कंपनियों के साथ जोड़ा जाएगा, ताकि प्रशिक्षण और उद्योगों के बीच बेहतर तालमेल बन सके। सरकार का लक्ष्य है कि इन संस्थानों से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 70 प्रतिशत से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
स्टार्टअप और महिला उद्यमियों को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य के हर जिले में स्टार्टअप संस्कृति को मजबूत किया जाए। साथ ही महिला उद्यमियों और नए कारोबार शुरू करने वाले युवाओं को आवश्यक सहायता, प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। हरियाणा सरकार का मानना है कि हरियाणा विजन @2047 के तहत शुरू की जा रही ये पहलें राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा करने, स्थानीय उद्योगों को मजबूत करने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।





