Launch of canal irrigation projects in Moga: पंजाब में कृषि भूमि को अधिक से अधिक नहर सिंचाई से जोड़ने की दिशा में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। इसी कड़ी में मोगा जिले के निहाल सिंह वाला विधानसभा क्षेत्र में 83.64 करोड़ रुपये की लागत से नहर सिंचाई परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। इन परियोजनाओं के पूरा होने पर 56 गांवों की 25,872 एकड़ कृषि भूमि को सीधे नहर का पानी मिलेगा।
जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने विभिन्न गांवों में इन परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए बताया कि इसके तहत करीब 316 किलोमीटर लंबी वाटरकोर्स और पाइपलाइन का निर्माण किया जाएगा। इससे किसानों को समय पर, सस्ती और भरोसेमंद सिंचाई सुविधा मिलेगी तथा भूजल के अत्यधिक दोहन पर भी रोक लगेगी।
20 नई परियोजनाओं से 22 गांवों को मिलेगा लाभ
मंत्री ने बताया कि राऊके कलां में 20 वाटरकोर्स और पाइपलाइन परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है। इस पर 36.84 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना के तहत 42.27 किलोमीटर पाइपलाइन और 95.85 किलोमीटर वाटरकोर्स बनाए जाएंगे, जिससे 22 गांवों की 10,340 एकड़ भूमि नहर सिंचाई के दायरे में आएगी।
ये भी पढ़ें- मुख्यमंत्री सेहत योजना से 2.5 लाख परिवारों को राहत, कैंसर से लेकर हार्ट सर्जरी तक मुफ्त इलाज
बिलासपुर माइनर की होगी लाइनिंग
सरकार ने 2.20 करोड़ रुपये की लागत से 9.70 किलोमीटर लंबे बिलासपुर माइनर की लाइनिंग परियोजना भी शुरू की है। इससे सात गांवों की 2,320 एकड़ कृषि भूमि को नहर सिंचाई का लाभ मिलेगा।
168 किलोमीटर वाटरकोर्स का होगा नवीनीकरण
इसके अलावा 44.64 करोड़ रुपये की लागत से 168.12 किलोमीटर लंबे पांच वाटरकोर्स का नवीनीकरण किया जाएगा। इस परियोजना से 27 गांवों की 13,212 एकड़ भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
ट्यूबवेल पर निर्भरता होगी कम
बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक खेतों तक नहर का पानी पहुंचाना है, ताकि किसानों की सिंचाई लागत कम हो, बिजली की बचत हो और भूजल संरक्षण को बढ़ावा मिले। उन्होंने कहा कि सरकार भविष्य में भी किसानों के हित में ऐसी जनकल्याणकारी परियोजनाओं को प्राथमिकता देती रहेगी।






