Mukh Mantri Mawan Dheeyan Satkar Yojana: पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना के तहत महिलाओं के बैंक खातों में सीधे आर्थिक सहायता भेजने की व्यवस्था को राज्यभर में सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। लाभार्थी महिलाओं का कहना है कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) प्रणाली से न केवल पारदर्शिता बढ़ी है, बल्कि उन्हें अपने पैसे पर सीधा अधिकार भी मिला है।
33 लाख महिलाओं के खाते में पहुंचे 1,149 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य सरकार अब तक इस योजना के तहत करीब 33 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 1,149 करोड़ रुपये की सहायता राशि DBT के माध्यम से भेज चुकी है। योजना के तहत अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की पात्र महिलाओं को 4,500 रुपये (तीन किस्तों में 1,500-1,500 रुपये) और अन्य वर्गों की महिलाओं को 3,000 रुपये (तीन किस्तों में 1,000-1,000 रुपये) दिए गए हैं। इस योजना में अब तक 70 लाख से अधिक महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है।
महिलाओं ने कहा- अब पैसा सुरक्षित और जरूरत पर उपलब्ध
गुरदासपुर की सरबजीत कौर ने कहा कि पहले यदि नकद पैसा मिलता तो घर के अन्य सदस्य उसे खर्च कर सकते थे, लेकिन अब राशि सीधे उनके बैंक खाते में आती है और जरूरत पड़ने पर ही निकाली जाती है। इससे यह सुनिश्चित होता है कि पैसा घर की आवश्यक जरूरतों पर ही खर्च हो।
बिना लाइन, बिना बिचौलियों के मिला लाभ
हरचोवाल गांव की गगनदीप कौर ने बताया कि आवेदन करने के पांच-छह दिन के भीतर ही राशि उनके खाते में पहुंच गई। उन्होंने कहा कि DBT व्यवस्था से न तो लंबी कतारों में लगना पड़ा और न ही किसी बिचौलिए की जरूरत पड़ी।
शिक्षा और घरेलू जरूरतों में मिली मदद
श्री हरगोबिंदपुर की सुमन कुमारी ने बताया कि उन्होंने इस राशि का उपयोग घर के खर्च और बेटियों की पढ़ाई के लिए किया। उन्होंने कहा कि उनकी दोनों बेटियां भी इस योजना का लाभ ले रही हैं। साथ ही परिवार को मुफ्त राशन, मुफ्त बिजली और मुफ्त बस यात्रा जैसी अन्य सरकारी योजनाओं का भी लाभ मिल रहा है।
ये भी पढ़ें- हरियाणा में कांग्रेस को झटका, मोहम्मद इलियास के बेटे जावेद खान BJP में होंगे शामिल
महिलाओं को मिला आर्थिक आत्मनिर्भरता का भरोसा
मंडी अहमदगढ़ की हरपाल कौर ने कहा कि अब महिलाएं अपनी जरूरतों के अनुसार पैसे का उपयोग कर पा रही हैं। उनकी बेटियां भी अपने हिस्से की राशि अपनी आवश्यकताओं पर खर्च कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने अच्छी नीयत से यह सहायता दी है, इसलिए इसका सही उपयोग होना चाहिए।
सरकार का दावा- कोई पात्र महिला नहीं रहेगी वंचित
पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा और सम्मान देना है। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि हर पात्र महिला को समय पर और पारदर्शी तरीके से सहायता मिले तथा कोई भी लाभार्थी वंचित न रहे।
DBT से बढ़ी पारदर्शिता और महिलाओं की आर्थिक भागीदारी
सरकार का कहना है कि DBT प्रणाली से सहायता राशि सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रही है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और महिलाओं की आर्थिक निर्णय लेने की क्षमता भी मजबूत हुई है। योजना के तहत बड़े पैमाने पर भुगतान सुनिश्चित करने में एक्सिस बैंक (Axis Bank) नोडल बैंकिंग पार्टनर के रूप में सहयोग कर रहा है।






