पंजाब को मिली नई सौगात, CM भगवंत मान ने मोगा में 120 बेड के आधुनिक अस्पताल का किया उद्घाटन

SHARE:

The 120-bed multi-specialty Capital Hospital in Moga: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को मोगा में 120 बेड वाले अत्याधुनिक कैपिटल हॉस्पिटल का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि अस्पताल में जल्द ही पीडियाट्रिक्स (बाल रोग) और गायनी एवं प्रसूति (स्त्री एवं प्रसूति रोग) विभाग भी शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल से मालवा क्षेत्र के लोगों को अपने घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मोगा जिले का पहला NABH मान्यता प्राप्त मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल है, जहां गंभीर बीमारियों का विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि पात्र मरीजों को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना और आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत कैशलेस इलाज की सुविधा भी मिलेगी।

शिक्षा और स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भगवंत मान ने कहा कि यह कोई राजनीतिक रैली नहीं, बल्कि पंजाब के विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताएं शिक्षा और स्वास्थ्य हैं और इन दोनों क्षेत्रों में लगातार सुधार किया जा रहा है।

1,090 आम आदमी क्लीनिक दे रहे सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में संचालित 1,090 आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से लोगों को किफायती स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। सरकार का लक्ष्य राज्य के हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण इलाज पहुंचाना है।

सरकारी स्कूलों के प्रदर्शन में बड़ा सुधार

शिक्षा क्षेत्र की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए भगवंत मान ने कहा कि वर्ष 2022 में स्कूल शिक्षा के मामले में पंजाब 27वें स्थान पर था, जबकि अब राज्य देश में पहले स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि 2022 में सरकारी स्कूलों के केवल 82 छात्रों ने NEET परीक्षा पास की थी, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 881 हो गई है।

ये भी पढ़ें- पंजाब पुलिस की बड़ी कामयाबी, इंडोनेशिया से डिपोर्ट होकर भारत पहुंचा गैंगस्टर जोबन बिल्ला

हर परिवार को 10 लाख रुपये  तक कैशलेस इलाज

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत राज्य के प्रत्येक परिवार को हर साल 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि अब तक इस योजना के तहत लोगों को 650 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार मिल चुका है।

मोहाली में लिवर ट्रांसप्लांट सेंटर का भी जिक्र

भगवंत मान ने कहा कि मोहाली में लिवर ट्रांसप्लांट सेंटर की स्थापना स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि है। इससे अब गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

सड़क हादसों में मौतों में आई कमी

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि रोड सेफ्टी फोर्स शुरू होने के बाद राज्य में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में लगभग 50 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

 

Join us on:

Leave a Comment

Market Mystique
और पढ़ें