Gangster Joban Billa deported from Indonesia: पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता मिली है। फरार गैंगस्टर जॉबनजीत सिंह उर्फ जोबन बिल्ला को इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से डिपोर्ट कर भारत लाया गया है। पुलिस ने इसे अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बताया है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने बताया कि AGTF ने पंजाब की ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्स्ट्राडिशन सेल (OFTEC) और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
6 महीने चला ‘ऑपरेशन नोमैड हंट’
डीजीपी के मुताबिक, गैंगस्टर की गिरफ्तारी और भारत वापसी के लिए करीब छह महीने तक ‘ऑपरेशन नोमैड हंट’ चलाया गया। इस दौरान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय और निगरानी की गई।
बंबीहा गैंग का सक्रिय सदस्य
अमृतसर ग्रामीण के अर्जन मंगा गांव का रहने वाला जोबन बिल्ला बंबीहा गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जाता है। उस पर ड्रग तस्करी, रंगदारी वसूली और गैंग के अन्य सदस्यों को लॉजिस्टिक सपोर्ट देने के आरोप हैं।
ये भी पढ़ें- ‘देशभर के छात्रों की बड़ी जीत’, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर हरपाल चीमा का बयान
हत्या और रंगदारी समेत 10 से ज्यादा मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, जोबन बिल्ला चार हत्या के मामलों में वांछित था, जिनमें एक 13 वर्षीय बच्चे की हत्या का मामला भी शामिल है। इसके अलावा उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, NDPS एक्ट, आर्म्स एक्ट और रंगदारी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ 10 से अधिक एफआईआर दर्ज हैं। साल 2023 में अमृतसर के सठियाला गांव में जरनैल सिंह की हत्या और अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र के व्यापारियों व दुकानदारों से लाखों रुपये की रंगदारी मांगने के मामलों में भी उसका नाम सामने आया था। पुलिस का आरोप है कि वह अपने भाई गुरविंदर सिंह के साथ मिलकर व्यापारियों को गोली मारने की धमकी देकर वसूली करता था।
विदेश से चला रहा था नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक, जोबन बिल्ला लंबे समय से दुबई और अन्य देशों में छिपकर अपना आपराधिक नेटवर्क संचालित कर रहा था और गिरफ्तारी से बचता रहा। अब उसे भारत लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





