अब हर जिले में मिलेगा कैशलेस इलाज, हरियाणा में ESI नेटवर्क का होगा बड़ा विस्तार

SHARE:

Haryana’s Health Department: हरियाणा सरकार राज्य में कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का दायरा बढ़ाने जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने कर्मचारी राज्य बीमा (ESI) योजना के तहत प्रदेश के सभी 22 जिलों में निजी अस्पतालों को पैनल पर शामिल करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस कदम से ESI लाभार्थियों और उनके परिवारों को पूरे राज्य में कैशलेस और गुणवत्तापूर्ण इलाज की सुविधा मिल सकेगी।

CGHS दरों पर मिलेगा कैशलेस इलाज

अधिकारियों के अनुसार, नई व्यवस्था लागू होने के बाद ESI लाभार्थियों को सेंट्रल गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (CGHS) की निर्धारित दरों पर कैशलेस इलाज मिलेगा। इसमें अस्पताल में भर्ती, इमरजेंसी उपचार, सर्जरी, जांच, विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श और अन्य स्वास्थ्य सेवाएं शामिल होंगी। फिलहाल गुरुग्राम और फरीदाबाद के तीन निजी अस्पतालों में यह व्यवस्था पहले से लागू है।

गुणवत्ता जांच के बाद होगा अस्पतालों का चयन

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि निजी अस्पतालों का चयन गुणवत्ता मानकों, आवश्यक सुविधाओं और निरीक्षण के आधार पर किया जाएगा। इसके लिए 10 जुलाई को एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) जारी किया गया था, जिसके बाद कई निजी अस्पतालों ने दो साल के पैनल समझौते के लिए आवेदन किया है।

इन सुविधाओं का मिलेगा लाभ

पैनल में शामिल अस्पतालों में ESI लाभार्थियों को सामान्य बीमारियों के इलाज के अलावा इमरजेंसी और नियमित सर्जरी, एक्स-रे, ईसीजी, अल्ट्रासाउंड, ऑर्थोपेडिक इम्प्लांट, जॉइंट रिप्लेसमेंट, गर्भावस्था और सी-सेक्शन सेवाएं, बाल रोग, ईएनटी और नेत्र रोगों का उपचार भी उपलब्ध होगा।

ये भी पढ़ें- फगवाड़ा में CM सैनी का पंजाब सरकार पर हमला, पेपर लीक और भर्ती घोटालों पर उठाए सवाल

इन जिलों में मिली मंजूरी

अधिकारियों के मुताबिक, रोहतक के 7, झज्जर और पानीपत के 6-6, अंबाला के 5 और हिसार के 4 निजी अस्पतालों को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। बाकी जिलों में भी प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

10 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन

ESI पैनल में शामिल होने के इच्छुक निजी अस्पताल 10 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, यदि कोई अस्पताल अनावश्यक जांच या दवाएं लिखता है या मरीज का इलाज करने से इनकार करता है, तो उसे पैनल से हटाने या ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।

राज्यभर में मजबूत होगा स्वास्थ्य नेटवर्क

वर्तमान में हरियाणा में ESIC के तीन अस्पताल और 61 पैनल डिस्पेंसरी संचालित हैं, जिनमें गुरुग्राम की चार डिस्पेंसरी भी शामिल हैं। नई योजना लागू होने के बाद पूरे प्रदेश में ESI लाभार्थियों को घर के नजदीक बेहतर और कैशलेस स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

 

Join us on:

Leave a Comment