Mewat Vikas Sankalp Rally: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नूंह जिले को बड़ी सौगात देने का ऐलान किया है। पुनहाना में आयोजित मेवात विकास संकल्प रैली के दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दिल्ली-आगरा नमो भारत रेल कॉरिडोर को नूंह और पुनहाना होते हुए राजस्थान के भरतपुर तक बढ़ाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजेगी। यदि इस योजना को मंजूरी मिलती है तो आजादी के बाद पहली बार नूंह जिले को सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य नूंह को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के अन्य जिलों के बराबर विकसित करना है। उन्होंने कहा, “नूंह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसे अन्य एनसीआर जिलों के समान विकसित करने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा।”
रोजगार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
फिलहाल नूंह के लोगों को गुरुग्राम, फरीदाबाद और दिल्ली आने-जाने के लिए सड़क मार्ग पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे यात्रा में काफी समय लगता है। नमो भारत रेल सेवा शुरू होने पर यात्रा का समय कम होगा और लोगों के लिए दिल्ली-एनसीआर में रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी। सरकारी अधिकारियों का मानना है कि इस रेल कॉरिडोर से नूंह और पुनहाना में वेयरहाउसिंग, लॉजिस्टिक्स और छोटे विनिर्माण उद्योगों में निवेश बढ़ सकता है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
ये भी पढ़ें- हर गरीब परिवार को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ, CM सैनी का बड़ा ऐलान
270 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की घोषणा
मुख्यमंत्री ने रैली के दौरान क्षेत्र के लिए 270 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की भी घोषणा की। इसके अलावा नूंह में विश्वविद्यालय स्थापित करने की दिशा में भी कदम उठाने की बात कही गई। इसके लिए पुनहाना और पिनगवां में जमीन की पहचान करने हेतु एक समिति गठित की जाएगी। सरकार का मानना है कि रेल संपर्क, शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़े इन कदमों से नूंह के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।





