हर गरीब परिवार को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ, CM सैनी का बड़ा ऐलान

SHARE:

Mukhyamantri Antyodaya Parivar Utthan Yojana: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि कोई भी गरीब परिवार पीछे न छूटे और कोई पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि हर जरूरतमंद तक बिना किसी परेशानी के योजनाओं का लाभ पहुंचे।

रविवार को लाडवा के आईजीएन कॉलेज में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत आयोजित अंत्योदय मेले का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि अब शासन केवल सरकारी दफ्तरों तक सीमित नहीं है, बल्कि गरीबों के घर-घर तक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार की स्पष्ट सोच है कि संसाधनों, जानकारी या संपर्क की कमी के कारण कोई भी परिवार विकास से वंचित न रहे। हर योजना और हर सरकारी सुविधा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाई जा रही है।

अंत्योदय मेले से जुड़ रही आजीविका

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंत्योदय मेले केवल आयोजन नहीं, बल्कि उम्मीद, अवसर और आत्मनिर्भरता के मेले हैं। इन मेलों के जरिए आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि 19 विभागों की 47 सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को उनकी जरूरत और क्षमता के अनुसार दिया जा रहा है। इनमें स्वरोजगार, कौशल विकास, वित्तीय समावेशन और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।

166 अंत्योदय मेले, 55 हजार से ज्यादा लोगों को मिला लाभ

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक हरियाणा में 166 अंत्योदय मेले आयोजित किए जा चुके हैं। इनमें 4,24,278 परिवारों को आमंत्रित किया गया, जिनमें से 1,88,792 परिवारों ने भाग लिया। 1,52,157 परिवारों को आगे की सहायता के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया, जबकि 55,422 पात्र लाभार्थियों को आजीविका से जुड़े लाभ मिल चुके हैं।

40 लाख बीपीएल कार्ड अपने आप बने

नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार ने परिवार पहचान पत्र (PPP) के साथ सभी कल्याणकारी योजनाओं को जोड़कर प्रक्रिया को आसान बनाया है। इसके तहत अब तक करीब 40 लाख बीपीएल कार्ड स्वत: बनाए जा चुके हैं, जिससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे।

ये भी पढ़ें- अब घर के पास मिलेगा मुफ्त इलाज, पंजाब में 100 नए आम आदमी क्लीनिक शुरू

यमुनानगर में नशा मुक्ति दौड़ को दिखाई हरी झंडी

मुख्यमंत्री ने यमुनानगर में ‘नशा से जंग-यमुनानगर के संग’ अभियान के तहत आयोजित दौड़ को भी हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त युवा सबसे बड़ी जरूरत हैं। उन्होंने कहा कि हर युवा के सामने दो रास्ते होते हैं एक विकास और उज्ज्वल भविष्य का, दूसरा नशे और विनाश का। उन्हें विश्वास है कि हरियाणा का युवा सही रास्ता चुनेगा। मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों के साथ अधिक समय बिताएं, क्योंकि अकेलापन कई बार युवाओं को नशे की ओर धकेल देता है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने 10 किलोमीटर दौड़ के विजेताओं को सम्मानित किया।

‘मन की बात’ से युवा हो रहे प्रेरित

बाद में मुख्यमंत्री ने लाडवा में नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी सुना। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश के युवाओं को प्रेरित कर रहा है और मेहनत, नवाचार तथा स्वरोजगार के जरिए सफल हुए लोगों की कहानियां नई पीढ़ी को आत्मनिर्भर बनने का संदेश देती हैं।

Join us on:

Leave a Comment