Launches 100 New Aam Aadmi Clinics: पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में लोगों को घर के नजदीक मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राज्य में 100 नए आम आदमी क्लीनिक शुरू किए गए हैं। इस अभियान की औपचारिक शुरुआत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने पटियाला ग्रामीण के विकास नगर स्थित नवनिर्मित आम आदमी क्लीनिक का उद्घाटन कर की। इसके साथ ही पंजाब में आम आदमी क्लीनिकों की कुल संख्या बढ़कर 1,090 हो गई है।
इस पहल के तहत राज्यभर में आज 71 नए आम आदमी क्लीनिकों का उद्घाटन कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने किया। शेष 29 क्लीनिकों का उद्घाटन 31 जुलाई तक विभिन्न जिलों में चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
इन मंत्रियों ने किया क्लीनिकों का उद्घाटन
सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने श्री मुक्तसर साहिब के मलोट में अंबेडकर भवन, डेरा सच्चा सौदा रोड और वार्ड नंबर 11 में तीन नए आम आदमी क्लीनिकों का उद्घाटन किया। कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने पठानकोट शहर में 25 लाख रुपये की लागत से बने एक क्लीनिक का उद्घाटन किया। गुरमीत सिंह खुड्डियां ने श्री मुक्तसर साहिब में एक क्लीनिक जनता को समर्पित किया। हरदीप सिंह मुंडियां ने साहनेवाल विधानसभा क्षेत्र में 76.41 लाख रुपये की लागत से बने तीन क्लीनिकों का उद्घाटन किया। वहीं तरुणप्रीत सिंह सोंद ने खन्ना के नरोत्तम नगर, फोकल प्वाइंट और उत्तम नगर में 87 लाख रुपये की लागत से बने तीन क्लीनिक शुरू किए। मोहिंदर भगत ने जालंधर के सिद्धार्थ नगर, बुद्धा मॉल ग्राउंड और स्पोर्ट्स एंड सर्जिकल कॉम्प्लेक्स में तीन नए क्लीनिकों का उद्घाटन किया।
ये भी पढ़ें- 2027 में फिर बनेगी AAP सरकार? सीएम भगवंत मान बोले- जनता ने बना लिया है मन
107 दवाएं और 47 जांचें मुफ्त
पंजाब सरकार के अनुसार, वर्तमान में राज्य के 990 आम आदमी क्लीनिक सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं, जिनमें 414 शहरी और 576 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। इन क्लीनिकों में 107 आवश्यक दवाएं और 47 प्रकार की लैब जांचें पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराई जाती हैं। हर क्लीनिक में एक मेडिकल ऑफिसर, फार्मासिस्ट और प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई है। मरीजों के पंजीकरण, जांच, उपचार और दवाओं के वितरण के लिए आधुनिक आईटी आधारित प्रणाली का उपयोग किया जा रहा है।
अब मिलेंगी ये अतिरिक्त स्वास्थ्य सेवाएं
आम आदमी क्लीनिकों में अब गर्भवती महिलाओं की मुफ्त प्रसवपूर्व जांच (एंटीनटल केयर), कुत्ते के काटने का इलाज, परिवार नियोजन सेवाएं, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और अन्य गैर-संचारी रोगों की जांच व उपचार सहित कई आवश्यक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। पंजाब सरकार का कहना है कि इन नए क्लीनिकों के शुरू होने से राज्य के लोगों को अपने घर के नजदीक ही बेहतर और मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी तथा प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और अधिक मजबूत होगी।





